नवी मुंबई से रांची के लिए इंडिगो की नई उड़ान शुरू होगी। इसके साथ ही मुंबई-देवघर फ्लाइट प्रतिदिन उड़ान भरेगी। जानें पूरा शेड्यूल और डिटेल्स
रांची। झारखंड के हवाई यात्रियों के लिए एक बेहद अच्छी खबर सामने आई है। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की लंबी मांग के बाद अब झारखंड और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी को और बेहतर किया जा रहा है। इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo Airlines) ने नवी मुंबई से रांची के लिए नई विमान सेवा शुरू करने का ऐलान किया है, जो आगामी 16 दिसंबर से शुरू होगी। इसके साथ ही, मुंबई से देवघर के बीच चलने वाली फ्लाइट को भी 25 अक्तूबर से प्रतिदिन (डेली) कर दिया गया है।
इंडिगो की नई उड़ान के शुरू होने से नवी मुंबई और रांची के बीच की दूरी तय करना और भी आसान हो जाएगा। यह विमान सुबह 7:40 बजे नवी मुंबई से उड़ान भरेगा और सुबह 10:00 बजे रांची पहुंचेगा। रांची से वापसी के लिए यह विमान दोपहर 10:35 बजे उड़ेगा और दोपहर 1:05 बजे नवी मुंबई पहुंचेगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस उड़ान के लिए सीटों की बुकिंग पहले ही शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा, मुंबई और देवघर के बीच आवाजाही करने वाले यात्रियों के लिए भी खुशखबरी है। 25 अक्तूबर से इंडिगो का मुंबई-देवघर विमान सप्ताह में कुछ दिनों की बजाय अब प्रतिदिन उड़ान भरेगा। वर्तमान शेड्यूल के अनुसार, यह विमान मुंबई के टर्मिनल 2 से दोपहर 1:45 बजे उड़कर शाम 4:10 बजे देवघर पहुंचता है। देवघर से यही विमान शाम 4:40 बजे रवाना होकर शाम 7:35 बजे वापस मुंबई लौटता है।
फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) लंबे समय से झारखंड के प्रमुख शहरों को देश के अन्य महानगरों और महत्वपूर्ण केंद्रों से सीधी विमान सेवाओं के जरिए जोड़ने की मांग कर रहा था।
चेंबर का मानना है कि इन दोनों विमान सेवाओं के शुरू होने से राज्य में व्यापार, उद्योग, पर्यटन और समग्र आर्थिक गतिविधियों को एक नया आयाम और बढ़ावा मिलेगा। मुंबई और नवी मुंबई जैसे बड़े व्यावसायिक केंद्रों से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से झारखंड आने-जाने वाले व्यापारियों, पर्यटकों और आम नागरिकों को काफी सहूलियत होगी।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822