बिहार के अररिया आरएस थाना क्षेत्र में राजा पोखर के पास एक महिला का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी। चाकू से गोदकर हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी। पूरी खबर पढ़ें।

कंचन क्रांति न्यूज, अररिया।

अररिया आरएस थाना क्षेत्र स्थित राजा पोखर के समीप शनिवार सुबह एक 28 वर्षीया महिला का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अररिया आरएस साहनी टोला वार्ड संख्या चार की रहने वाली फूल कुमारी (पत्नी विजय साहनी) के रूप में हुई है। महिला के शरीर पर चाकू से गोदने के कई निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया किसी धारदार हथियार से बर्बरतापूर्वक हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मजदूरी करने घर से निकली थी महिला

परिजनों के अनुसार, फूल कुमारी एक राजमिस्त्री के साथ मजदूरी का काम करती थी। शुक्रवार सुबह वह रोजाना की तरह काम पर निकली थी, लेकिन देर शाम आठ बजे तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने राजा पोखर के पास झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा देख परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की।

परिजनों ने जताया त्रिकोणीय विवाद और रंजिश का अंदेशा

मामले में मृतका की गोतनी कंचन देवी और अन्य परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि फूल कुमारी जिस राजमिस्त्री के साथ काम करती थी, उसकी पत्नी ने कुछ दिनों पहले फूल कुमारी को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। उसने चेतावनी दी थी कि वह उसके पति से दूर रहे, वरना अंजाम बुरा होगा। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश या आपसी विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

इस घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतका के पति विजय साहनी एक स्थानीय प्लाईवुड फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। फूल कुमारी अपने पीछे दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की जांच और कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही अररिया आरएस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिजनों के बदन के आधार पर संबंधित राजमिस्त्री और उसकी पत्नी से पूछताछ कर रही है।

मामले को लेकर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि राजा पोखर के पास मिले महिला के शव के पेट और गर्दन पर जख्म के निशान हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से छानबीन कर रही है और जल्द ही इस घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822