ट्रांसफॉर्मर चोरी के दौरान करंट लगने से एक चोर की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। कोठी थाना क्षेत्र के देवरिया गांव की घटना। पूरी खबर विस्तार से पढ़ें।
गयाजी। बिहार के गयाजी जिले के इमामगंज प्रखंड के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरिया गांव में सोमवार देर रात एक ट्रांसफॉर्मर चोरी करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 16 केवी के बिजली ट्रांसफॉर्मर से हाई वोल्टेज करंट लगने से एक चोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक अन्य साथी गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सोमवार देर रात इमामगंज प्रखंड के कोठी थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बिजली के ट्रांसफॉर्मर के पास एक तेज धमाका हुआ।
कुल चार चोर दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर 16 केवी के बिजली ट्रांसफॉर्मर को चोरी करने की नीयत से वहां पहुंचे थे। ट्रांसफॉर्मर खोलने और तार काटने का काम चल ही रहा था कि इसी दौरान अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आकर एक चोर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान बढ़ी खाप गांव के रहने वाले मो. गुलाम अहमद राजा के रूप में हुई है। वहीं, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दूसरे चोर की पहचान कुईवार निवासी मकसूद खान के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (ANMMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट और तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आते देख मौका पाकर दो अन्य चोर अपनी दोनों बाइक लेकर वहां से फरार होने में कामयाब हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोठी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रांसफॉर्मर खोलने वाले औजार, तार काटने के कटर और अन्य कई प्रकार के यंत्र बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार अन्य चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822