ब्रिटेन के पूर्वी लंदन स्थित इंडियन अरोमा रेस्तरां में आगजनी और हमले के मामले में दो नाबालिगों को 10-10 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। घटना की रिपोर्ट यहां पढ़ें


नई दिल्ली। पूर्वी लंदन के गैंट्स हिल इलाके में स्थित एक प्रसिद्ध भारतीय रेस्तरां 'इंडियन अरोमा' में आग लगाने और ग्राहकों पर हमला करने के सनसनीखेज मामले में लंदन की प्रतिष्ठित ओल्ड बेली अदालत ने दो 17 वर्षीय नाबालिगों को 10-10 साल की जेल की सजा सुनाई है। इस वीभत्स घटना में रेस्तरां के अंदर खाना खा रहे कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिन्हें जीवन भर रहने वाले शारीरिक और मानसिक आघात का सामना करना पड़ रहा है।

अदालत में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने बताया कि यह घटना अगस्त 2025 की है। जब रेस्तरां के अंदर कुल 8 ग्राहक बैठकर खाना खा रहे थे, तब ये दोनों नाबालिग अपने एक अन्य तीसरे साथी के साथ जबरन वहां घुसे। हमलावरों के पास चाकू थे और उन्होंने अंदर घुसते ही रेस्तरां के मुख्य दरवाजे बंद कर दिए ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद, उनके तीसरे साथी ने रेस्तरां के पिछले हिस्से में जाकर फर्श और मेजों पर पेट्रोल (ईंधन) छिड़क दिया और वहां आग लगा दी। आग लगाने के तुरंत बाद तीनों आरोपी एक चोरी की कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायाधीश माइकल ग्रीव ने शुक्रवार को सजा सुनाते हुए दोनों आरोपियों की कड़ी निंदा की।

न्यायाधीश की टिप्पणी: उन्होंने दोनों नाबालिगों से सीधे तौर पर कहा कि आप दोनों इस बात से पूरी तरह वाकिफ थे कि आपके इस कृत्य का परिणाम कितना भयानक हो सकता है और इसमें निर्दोष अजनबियों की मौत भी हो सकती थी।

न्यायमूर्ति ग्रीव ने पीड़ितों का जिक्र करते हुए कहा कि इस अमानवीय हमले ने पीड़ितों को कि बेहद पीड़ा दी है और उन्हें ऐसी चोटें दी हैं जिन्होंने उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी है। स्थिति इससे भी कहीं अधिक बदतर हो सकती थी।

नाबालिग होने के कारण कानूनी नियमों के तहत दोनों आरोपियों के नाम गोपनीय रखे गए हैं। अदालत ने उन्हें 10 साल की हिरासत के साथ-साथ रिहाई के बाद कड़ी निगरानी वाली शर्तों के तहत तीन साल की विस्तारित अवधि की सजा सुनाई है।

पुलिस और जांच एजेंसियां इस सनसनीखेज मामले में शामिल तीसरे और मुख्य फरार व्यक्ति की तलाश में जुटी हैं, जिसने रेस्तरां के अंदर पेट्रोल छिड़का था। इस घटना ने ब्रिटेन में भारतीय व्यवसायों और वहां रहने वाले प्रवासियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंताएं बढ़ा दी हैं।




सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822