बाढ़ के पानी में डूबने से एक 14 वर्षीय किशोर और 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है


छपरा। बिहार के छपरा (सारण) जिले में बाढ़ का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी बीच सारण जिले के मढ़ौरा और मकेर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां बाढ़ के बढ़ते पानी की चपेट में आने से एक 14 वर्षीय किशोर और एक 52 वर्षीय महिला की डूबकर दर्दनाक मौत हो गई है। इस घटना के बाद दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना मढ़ौरा थाना क्षेत्र के शल्हिौरी गांव की है। यहां उपेंद्र राय के 14 वर्षीय पुत्र अंश कुमार किसी तरह बाढ़ के पानी की चपेट में आ गए और गहरे पानी में चले जाने से उनकी डूबकर मौत हो गई।

वहीं, दूसरी घटना मकेर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की है। यहां रवद्रिं प्रसाद की 52 वर्षीय पत्नी लीला देवी बाढ़ के पानी के पास गईं थीं, जहां पैर फिसलने या जलस्तर अधिक होने के कारण वह गहरे पानी में डूब गईं, जिससे उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत इसकी सूचना संबंधित थानों की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मढ़ौरा और मकेर थाना की पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाढ़ के पानी से बाहर निकाला। इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई व जांच शुरू कर दी है।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822