देवघर परिसदन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के पीए के कमरे से चोरी का प्रयास, संदिग्ध हिरासत में। इसके साथ ही बाबूलाल मरांडी ने एम्स देवघर पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा। पूरी खबर पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज़ पर।
कंचन क्रांति न्यूज़, देवघर।
झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के देवघर दौरे के दौरान दो अलग-अलग मुख्य घटनाएं सामने आई हैं। एक तरफ जहां देवघर परिसदन में उनके निजी सचिव (PA) के कमरे का ताला खोलकर चोरी का प्रयास किया गया, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने एम्स देवघर पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
देवघर परिसदन में चोरी का प्रयास, एक घंटे के भीतर संदिग्ध हिरासत में
नगर थाना क्षेत्र के सत्संग नगर स्थित परिसदन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के पीए मिथिलेश कुमार झा के बैग से चोरी की एक बड़ी कोशिश का मामला सामने आया है। आवेदक विनय कुमार भुइयां द्वारा नगर थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, वे 29 सितंबर की रात करीब 11:45 बजे बाबूलाल मरांडी के साथ देवघर परिसदन पहुंचे थे। रात करीब 12:30 बजे सभी लोग भोजन करने के लिए कमरे से बाहर गए थे।
जब वे वापस लौटे तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर देखा कि एक युवक दूसरे कमरे में रखे मिथिलेश कुमार झा के बैग को खंगाल रहा था। आहट मिलते ही आरोपी भागने लगा, हालांकि भागते समय उसका वीडियो बनाकर पहचान का प्रयास किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस की कई टीमें गठित कर दीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति पिछले कई वर्षों से परिसदन में ही खाना बनाने का काम करता है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पास कमरे की डुप्लीकेट चाबी कहां से आई और वह किस उद्देश्य से अंदर घुसा था। परिसदन में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर मामले की गहन जांच की जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया एम्स देवघर का निरीक्षण
इन घटनाओं के बीच, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को देवघर एम्स का दौरा कर वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग), आपातकालीन कक्ष, भर्ती वार्ड और सभागार का भ्रमण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि संताल परगना सहित पूरे झारखंड के लिए देवघर में एम्स का होना गौरव का विषय है, जिसके माध्यम से आम जनता को उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं। इस निरीक्षण के दौरान एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. डॉ. नितिन एम. गंगने, उपनिदेशक कर्नल अभिक दास, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार, डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. रजत अग्रवाल और एएओ राम कृष्णा सहित कई अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
...........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822