बांका में लोहागढ़ नदी के उफान से निर्माणाधीन बहोरना पुल का डायवर्सन बह गया। खेसर-तारापुर मार्ग पर आवागमन ठप होने से दर्जनों गांवों के हजारों लोग प्रभावित हैं।
कंचन क्रांति न्यूज, बांका।
खेसर-तारापुर मुख्य मार्ग पर बहोरना गांव के समीप लोहागढ़ नदी पर निर्माणाधीन पुल का डायवर्सन बुधवार शाम नदी की तेज धारा में बह गया। डायवर्सन टूटकर बह जाने से इस व्यस्त मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है। इसके चलते आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों का खेसर बाजार से सीधा संपर्क कट गया है।
दो दिनों की मूसलाधार बारिश से आई बाढ़
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण लोहागढ़ नदी में अचानक बाढ़ आ गई। नदी के जलस्तर में हुई अप्रत्याशित वृद्धि और तेज बहाव के दबाव को डायवर्सन झेल नहीं सका और बीच से टूटकर नदी में समा गया।
दर्जनों गांवों के हजारों लोग प्रभावित
डायवर्सन टूटने से खेसर-तारापुर मार्ग पर आवागमन बंद होने से बहोरना के अलावा निर्झरी, योगिया, भारतशिला, कष्टीकरी, परमानंदपुर, बोधनगर, टिटही, हस्तिनापुर सहित कई गांवों के ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि खेसर बाजार आने-जाने के लिए यह मुख्य संपर्क मार्ग है। अब लोगों को जरूरी सामान की खरीदारी, चिकित्सीय आपात स्थिति और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय कर वैकल्पिक रास्तों से जाना पड़ेगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पानी का स्तर कम होते ही जल्द से जल्द डायवर्सन की मरम्मत कराकर आवागमन बहाल कराया जाए।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822