बांका के सुईया में पिकअप की ठोकर से छात्र मयंक की मौत। ग्रामीणों के हंगामे के बाद सुईया थाना पुलिस ने दिया फरार चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे का आश्वासन।

 

कंचन क्रांति न्यूज, बांका।

बांका जिले के सुईया थाना क्षेत्र स्थित बेहरवारी गांव में सोमवार सुबह करीब 7 बजे एक दुखद सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्र मयंक कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। मयंक (पिता- मिथलेश सिंह) 'आदर्श मध्य विद्यालय, सुईया' का छात्र था और सुबह स्कूल जा रहा था, तभी अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उसे रौंद दिया।

 घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सड़क पर विरोध जताते हुए फरार चालक की तुरंत गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सरकारी योजना के तहत उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।

 हादसे की सूचना मिलते ही सुईया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर स्थिति को संभाला। पुलिस अधिकारियों ने उग्र ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

 सुईया थाना पुलिस के अनुसार, मृतक के शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बांका भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि हिट एंड रन के तहत मिलने वाला मुआवजा और आपदा राहत कोष से मिलने वाली आर्थिक सहायता जल्द से जल्द दिलाने की कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही, फरार पिकअप चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822