पटना के बाढ़ में एनटीपीसी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में यूपी के बलरामपुर जिले के एसएसबी कमांडेंट के घर भीषण डकैती। हथियारबंद बदमाशों ने मां को बंधक बनाकर एक करोड़ के जेवरात और नकदी लूटे।

कंचन क्रांति न्यूज, पटना।  

पटना जिले के एनटीपीसी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में शुक्रवार की देर रात हथियारबंद बदमाशों ने उत्तर प्रदेश में तैनात एसएसबी कमांडेंट राणा प्रिंस सिंह के घर में घुसकर उनकी बुजुर्ग मां को बंधक बनाया और लगभग एक करोड़ रुपये की डकैती की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने लगभग दो घंटे तक घर में तांडव मचाया और आराम से लूटपाट कर फरार हो गए।

मृतक व्यवसायी धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ भानू बाबू के पुत्र राणा प्रिंस सिंह वर्तमान में यूपी के बलरामपुर जिले में एसएसबी कमांडेंट के पद पर तैनात हैं, और उनकी मां तनुजा देवी लक्ष्मीपुर स्थित अपने आवास पर अकेली रहती हैं। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे पांच की संख्या में आए हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए। महिला के शोर मचाने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की, मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उन्हें एक जगह बैठाकर हथियार का भय दिखाया।

बदमाश करीब 11 बजे से रात 1 बजे तक घर में रहे और आलमारी तोड़कर सोने-चांदी के गहने, नकदी व अन्य कीमती सामान झोले में भर लिया। परिजनों के अनुसार कुल संपत्ति और जेवरातों की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है।

शनिवार की सुबह जब आसपास के लोगों ने घर का दरवाजा खुला देखा और महिला को जख्मी हालत में पाया, तब घटना की जानकारी मिली। उन्हें तुरंत बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एनटीपीसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम और डॉग स्क्वॉयड को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। ग्रामीण एसपी कोमल मीणा ने बताया कि घर में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन घटना के दिन वे बंद पाए गए। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ​​मामले की हर एंगल से जांच कर रही हैं तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822