भभुआ के शिवपुर पथ पर बाइक पेड़ से टकराकर पानी से भरे गड्ढे में गिरने से ग्रामीण चिकित्सक समेत दो लोगों की मौत। मोहनिया जाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा।

भभुआ । नगर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव के पास शनिवार की दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण चिकित्सक सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान बेलांव थाना क्षेत्र के नौहट्टा निवासी 42 वर्षीय ग्रामीण चिकित्सक कमलेश कुमार गुप्ता और चैनपुर थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी 52 वर्षीय बीरेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। ग्रामीण चिकित्सक सोनबरसा में मकान बनाकर मरीजों का इलाज करते थे।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, दोनों व्यक्ति एक ही बाइक पर सवार होकर किसी निजी काम से मोहनिया जा रहे थे। इसी दौरान शिवपुर गांव के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई और पास ही स्थित पानी से भरे गड्ढे (चाट) में जा गिरी। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं और पानी भरे गड्ढे में गिरने तथा समय पर मदद न मिलने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।

 घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर नगर थाना के सब इंस्पेक्टर जय प्रकाश पूर्वे मौके पर पहुंचे और पिकअप वैन की मदद से दोनों शवों को सदर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद सब इंस्पेक्टर मधु रंजन द्वारा दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया। नगर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822