उत्तराखंड के 21वें राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन में मिला सम्मान, उत्कृष्ट शोध और मौखिक प्रस्तुति के लिए चयनित हुईं देव संस्कृति विश्वविद्यालय की पीएचडी शोधार्थी
कंचन क्रांति न्यूज, देहरादून।
विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए बिहार की बेटी वाणी श्री ने राष्ट्रीय स्तर पर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकोस्ट) की ओर से आयोजित 21वें उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन (USSTC-2026) में उन्हें प्रतिष्ठित 'यंग साइंटिस्ट अवार्ड' से सम्मानित किया गया है। वाणी श्री को यह सम्मान ग्रामीण विज्ञान एवं विज्ञान-समाज विषय के अंतर्गत उनके उत्कृष्ट शोध और प्रभावशाली मौखिक प्रस्तुति के लिए प्रदान किया गया। फिलहाल वह उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में बायोटेक्नोलॉजी विषय से पीएचडी कर रही हैं।
25 और 26 अक्टूबर को आयोजित हुआ सम्मेलन
उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST) की ओर से 25 और 26 अक्टूबर 2026 को देहरादून के झाझरा स्थित विज्ञान धाम में दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इसमें विज्ञान और तकनीक के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े शोधार्थियों, वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और समाजोपयोगी तकनीकों को प्रोत्साहित करना था।
इसी सम्मेलन में वाणी श्री ने 'रूरल साइंसेज एंड साइंस एंड सोसाइटी' विषय के तहत अपना शोध प्रस्तुत किया। उनके शोध कार्य और मौखिक प्रस्तुति को विशेषज्ञों ने सराहा। इसी उपलब्धि के लिए उन्हें यंग साइंटिस्ट अवार्ड प्रदान किया गया।
प्रमाण पत्र और मेडल देकर किया सम्मानित
सम्मेलन के दौरान आयोजित सम्मान समारोह में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक एवं सम्मेलन के अध्यक्ष प्रो. दुर्गेश पंत तथा आयोजन सचिव डॉ. डीपी उनियाल ने वाणी श्री को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
वाणी श्री की इस उपलब्धि से उनके परिजनों, शुभचिंतकों और परिचितों में खुशी का माहौल है। विज्ञान और शोध के माध्यम से समाज के लिए उपयोगी योगदान देने की उनकी कोशिश को इस सम्मान से नई पहचान मिली है। बिहार की इस प्रतिभाशाली बेटी की सफलता को राज्य के युवाओं, विशेषकर विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने वाली छात्राओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822