लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान तोड़ा दम, शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने किया विरोध; पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कर रही इंतजार

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद अब एक युवक की मौत के बाद गंभीर आरोपों में बदल गया है। रायबरेली के जैतपुर गांव में ऑटो चालक अनिल गुप्ता उर्फ बच्चनी (38) की लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। मृतक की पत्नी ने छोटे भाई और अन्य लोगों पर जमीन विवाद में मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में बीमारी से मौत होने की बात सामने आई है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

परिजनों के मुताबिक, अनिल की 24 अक्टूबर को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। देर रात परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। बृहस्पतिवार सुबह उन्होंने मौत को लेकर विरोध जताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की।

जमीन की हिस्सेदारी को लेकर चल रहा था विवाद

अनिल की पत्नी सोनी ने आरोप लगाया कि उनके पति का छोटे भाई के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में कुछ दिन पहले देवर और अन्य लोगों ने उनके पति के साथ मारपीट की थी, जिससे वह घायल हो गए थे। पत्नी का दावा है कि इसी मारपीट के कारण उनकी मौत हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, अनिल गांव में अपनी जमीन पर निर्माण कराना चाहते थे, जबकि उनका छोटा भाई बंटवारा होने के बाद ही निर्माण कराने की बात कह रहा था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। सीओ सदर आशीष निगम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बीमारी से मौत होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822