देवघर के जून पोखर की निवासी और देवघर फिजिकल एकेडमी की प्रतिभाशाली धाविका ने कौशल विकास केंद्र के प्रशिक्षक के शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मेयर रवि कुमार रावत ने परिजनों से मिलकर आरोपी को कड़ी सजा दिलाने का संकल्प लिया है। पूरी खबर यहां पढ़ें।


कंचन क्रांति न्यूज, देवघर। झारखंड के सांस्कृतिक और धार्मिक नगर देवघर से एक अत्यंत मर्मस्पर्शी और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। नगर के जून पोखर मोहल्ले की रहने वाली एक होनहार और प्रतिभाशाली बेटी ने अपनी जान गंवा दी है। मृतका झौंसागढ़ी स्थित एक कौशल विकास केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थी। आरोप है कि केंद्र के प्रशिक्षक द्वारा लगातार किए जा रहे शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

यह घटना केवल एक परिवार का व्यक्तिगत नुकसान नहीं है, बल्कि पूरे देवघर के खेल जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। देवघर नगर निगम के मेयर रवि कुमार रावत ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मेयर रवि कुमार रावत ने अपने संदेश में लिखा कि यह घटना उनके लिए एक अत्यंत निजी क्षति के समान है। मृतका बिटिया देवघर फिजिकल एकेडमी की एक बेहद तेज-तर्रार और अनुशासित धाविका थी। खेल के मैदान पर उसकी ऊर्जा, लगन और मेहनत को देखने वाले हमेशा उसकी सराहना करते थे। एकेडमी के संरक्षक होने के नाते इस असहनीय पीड़ा को शब्दों में बयां करना उनके लिए बेहद कठिन है। देवघर ने खेल जगत की एक अनमोल और उभरती हुई प्रतिभा को असमय खो दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही मेयर रवि कुमार रावत ने शोकाकुल परिजनों से व्यक्तिगत रूप से दूरभाष व मुलाकात के जरिए बात की और उन्हें ढांढस बंधाया। परिवारिक सूत्रों और शुरुआती जानकारियों के मुताबिक, पीड़ित परिवार के पास इस अमानवीय कृत्य, प्रताड़ना और उत्पीड़न से जुड़े पुख्ता और ठोस साक्ष्य मौजूद हैं, जो आरोपी की संलिप्तता को साबित करने के लिए काफी हैं।

मेयर ने लिखा कि बेटी की इस अकाल मृत्यु के बाद मेयर रवि कुमार रावत ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को पूर्ण विश्वास दिलाया है कि इस अन्याय पर किसी भी कीमत पर चुप नहीं बैठा जाएगा।

आरोपी चाहे कितना भी रसूखदार या प्रभावशाली क्यों न हो, उसे उसके इस कुकर्म और अमानवीय कृत्य की कठोरतम सजा दिलाई जाएगी। इसके लिए हर संभव कानूनी और प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे, ताकि मृतका को और उसके परिवार को न्याय मिल सके।

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर व्यावसायिक और शिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षणार्थियों विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा और उनके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरा देवघर इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।

कंचन क्रांति न्यूज ईश्वर से प्रार्थना करता है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति परिजनों को प्रदान करें। प्रशासन से हमारी भी यही मांग है कि मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कर दोषी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822