एक-47 मामले में दबोचे गए अधिवक्ता के घर से बरामद कार
हाजीपुर के जौहरी बाजार स्थित परमवीर अस्पताल परिसर से NIA और बिहार STF की संयुक्त टीम ने AK-47 मामले में लंबे समय से फरार वांछित अधिवक्ता संदीप कुमार उर्फ छोटू लाल को गिरफ्तार किया
हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और बिहार राज्य विशेष कार्य बल (STF) की संयुक्त टीम ने गुरुवार की रात एक बड़ी और गुप्त कार्रवाई को अंजाम दिया। नगर थाना पुलिस के सहयोग से की गई इस त्वरित छापेमारी में AK-47 हथियार बरामदगी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अधिवक्ता संदीप कुमार उर्फ छोटू लाल को धर दबोचा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसी NIA और बिहार STF को गुप्त सूचना मिली थी कि AK-47 मामले में वांछित आरोपी अधिवक्ता संदीप कुमार हाजीपुर के जौहरी बाजार क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर NIA और STF की टीम ने स्थानीय नगर थाना पुलिस के साथ मिलकर रणनीतिक योजना बनाई और जौहरी बाजार स्थित परमवीर अस्पताल कैंपस को चारों तरफ से घेर लिया।
अचानक हुई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। टीम ने अस्पताल परिसर के भीतर से संदीप कुमार को सफलतापूर्वक दबोच लिया।
गिरफ्तार अधिवक्ता संदीप कुमार उर्फ छोटू लाल पर गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं और वह एके-47 से जुड़े एक हाई-प्रोफाइल मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। एजेंसी को उसकी गिरफ्तारी के लिए काफी समय से तलाश थी।
कार्रवाई पूरी करने के बाद संयुक्त टीम गिरफ्तार अधिवक्ता को कड़ी सुरक्षा के बीच अपने साथ ले गई है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियां उससे किसी गुप्त स्थान पर गहन पूछताछ कर रही हैं, जिससे हथियार नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य सफेदपोशों के सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
स्थानीय पुलिस प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर इस संयुक्त छापेमारी की पुष्टि की है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822