बिहार में गंगा, सोन, पुनपुन और कोसी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पटना, भोजपुर और चंपारण सहित कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।

 

कंचन क्रांति न्यूज, पटना।

 

गंगा, कोसी, पुनपुन, सोन और गंडक सहित राज्य की सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं। जल ग्रहण क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को राज्य की प्रमुख नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान को पार कर गईं, जिससे निचले इलाकों में पानी भरने लगा है और बाढ़ का गंभीर खतरा मंडराने लगा है।

गंडक नदी से पश्चिमी चंपारण और गंगा से सारण जिले के कई गांवों में भीषण कटाव जारी है। वहीं, पटना जिले में गंगा और पुनपुन के जलस्तर में रिकॉर्ड वृद्धि को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

 

इंद्रपुरी बराज से छोड़ा गया रिकॉर्ड 5.63 लाख क्यूसेक पानी

गंगा, पुनपुन और सोन के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण पटना, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद और गया के निचले इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

इंद्रपुरी बराज (सोन नदी): बुधवार शाम रिकॉर्ड 5.63 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

कोसी बराज: डिस्चार्ज बढ़कर 2.26 लाख क्यूसेक पहुंच गया है।

वाल्मीकिनगर बराज (गंडक नदी): 1.88 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

खगड़िया में नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अगुवानी-सुल्तानगंज के बीच नाव परिचालन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है।

 

भागलपुर के खरीक में कटाव से 5 हजार की आबादी प्रभावित

सबसे नाजुक स्थिति भागलपुर जिले की है। गंगा की तेज धारा और कटाव के कारण खरीक प्रखंड की राघोपुर पंचायत में करीब 5,000 की आबादी प्रभावित हुई है। स्थिति का जायजा लेने के लिए पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष मल्ल और जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया।

 

नदियों के जलस्तर की वर्तमान स्थिति:


गंगा नदी: पटना के गांधी घाट पर खतरे के निशान से 1.27 मीटर, हाथीदह में 87 सेमी, कहलगांव में 63 सेमी और फरक्का में 47 सेमी ऊपर।

पुनपुन नदी: श्रीपालपुर में खतरे के निशान से 2.01 मीटर ऊपर।

कोसी नदी: बलतारा में 1.17 मीटर और कुरसेला में 55 सेमी ऊपर

गंडक नदी: डुमरिया घाट में खतरे के निशान से 0.70 मीटर ऊपर।

घाघरा व बूढ़ी गंडक: दरौली में घाघरा 11 सेमी और खगड़िया में बूढ़ी गंडक 45 सेमी ऊपर।

पश्चिम चंपारण में गंडक का तांडव

नेपाल के तराई इलाकों में जारी मूसलाधार बारिश से गंडक नदी का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। वाल्मीकिनगर बराज से छोड़ा गया पानी दियारा क्षेत्र के गांवों में तबाही मचा रहा है। मधुबनी प्रखंड की चिउरही पंचायत के रेवहिया गांव में जारी तीव्र कटाव की चपेट में आने से तीन घर नदी में समा गए हैं।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822