बिहार सरकार ने लॉन्च किया 'बिहार विद्या साथी' ऐप। कक्षा 9वीं से 12वीं के 3 लाख छात्रों को मिलेगी 24x7 फ्री वन-टू-वन लाइव ट्यूटर सपोर्ट और JEE/NEET की डिजिटल AI अध्ययन सामग्री।
कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना।
बिहार के स्कूली विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने 'संकल्प' सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 700 मॉडल विद्यालयों के लिए 'बिहार विद्या साथी' ऐप का औपचारिक शुभारंभ किया। इस डिजिटल पहल के जरिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र अब 24 घंटे ऑनलाइन शिक्षकों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।
तीन लाख विद्यार्थियों को मिलेगा प्रत्यक्ष लाभ
प्रथम चरण में यह व्यवस्था राज्य के सभी 38 जिलों के 700 मॉडल विद्यालयों (सरस्वती विद्या निकेतन) में लागू की गई है, जिससे लगभग 3 लाख छात्र-छात्राएं सीधे लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को अपनी अध्ययन सामग्री और शंकाओं के समाधान के लिए सही दिशा प्रदान करेगी। आने वाले समय में इस व्यवस्था का विस्तार राज्य के अन्य सरकारी विद्यालयों में भी किया जाएगा।
75 हजार शिक्षक उपलब्ध, अपनी पसंद से चुनने की आजादी
'बिहार विद्या साथी' प्लेटफॉर्म पर वन-टू-वन (1:1) इंटरैक्टिव लाइव ट्यूटर सपोर्ट के लिए 75,000 शिक्षक पंजीकृत हैं। विद्यार्थी अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार शिक्षक का चयन कर सकेंगे। कक्षा 9वीं व 10वीं के सभी विषयों तथा 11वीं व 12वीं के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को लाइव सपोर्ट के साथ-साथ बिहार बोर्ड, JEE और NEET की तैयारी के लिए AI-आधारित डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
AI टूल्स से मजबूत होगी कॉन्सेप्ट लर्निंग
ऐप में आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का समावेश किया गया है, जिससे छात्रों की कॉन्सेप्ट लर्निंग आसान और पारदर्शी बनेगी। छात्र पढ़ाई के दौरान आने वाली किसी भी समस्या का तुरंत समाधान पा सकेंगे।
छात्राओं ने दिखाया डेमो
शुभारंभ के दौरान ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय (शास्त्रीनगर) की छात्राओं जाहन्वी और जिया ने मुख्यमंत्री के समक्ष ऐप के उपयोग का लाइव प्रदर्शन किया और इससे मिलने वाली सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
...........................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822