जसीडीह-आसनसोल रेलखंड पर रोहिणी निवासी 25 वर्षीय रवि साह का शव रेलवे पटरी के पास बरामद हुआ। परिजनों ने ट्रेन से गिरने की आशंका जताई है। पुलिस जांच में जुटी।


जसीडीह। आसनसोल-जसीडीह मुख्य रेलखंड पर रोहिणी और कुमड़ाबाद हॉल्ट के बीच सोमवार देर रात एक दुखद हादसा सामने आया, जहां रेलवे पटरी के किनारे एक 25 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।


रेल पुलिस को सूचना मिली कि पोल संख्या 317/29-31 के समीप पटरी के किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। जसीडीह जीआरपी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान रोहिणी गांव के निवासी रवि साह (25 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया।


मृतक के पिता पप्पू साह ने बताया कि उनका बेटा रवि सोमवार शाम को यह कहकर घर से निकला था कि वह किसी काम से मधुपुर जा रहा है। घर से निकलने के कुछ ही देर बाद परिजनों को रेलवे पटरी पर शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने रवि के शव की पहचान की।


घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रेल डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने वारदात स्थल का मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

परिजनों का अनुमान है कि मधुपुर जाने के दौरान चलती ट्रेन से संतुलन बिगड़ने या पैर फिसलने के कारण रवि नीचे गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई।

जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


रवि साह अपने पीछे पत्नी, एक 8 वर्षीय मासूम पुत्री, माता-पिता और अन्य परिजनों को छोड़ गया है। घर के कमाने वाले सदस्य की इस तरह अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे रोहिणी गांव में शोक की लहर व्याप्त है।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822