इंस्टाग्राम के जरिए यूपी की नाबालिग से निकाह का मामला सामने आया है। आरोपी शाहरुख अंसारी की तलाश में पुलिस जुटी है। पढ़ें पूरी डिजिटल रिपोर्ट


गोड्डा । झारखंड के गोड्डा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश की एक नाबालिग लड़की के साथ कथित निकाह के मामले ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई यह प्रेम कहानी अब एक कानूनी पेंच बन चुकी है, और देवदांड़ थाना की पुलिस पिछले 48 घंटों से मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोड्डा के देवदांड़ बाजार का रहने वाला युवक शाहरुख अंसारी मुफस्सिल थाना क्षेत्र की रानीडीह पंचायत स्थित एक मदरसे में रहकर पढ़ाई करता था। इसी दौरान उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए उत्तर प्रदेश की एक नाबालिग लड़की से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह पहचान प्यार में बदल गई।

आरोप है कि दोनों के बीच नजदीकियां इतनी बढ़ गईं कि नाबालिग अपना घर छोड़कर अकेले उत्तर प्रदेश से सीधे गोड्डा जा पहुंची। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की के गोड्डा पहुंचने के बाद उसे कुछ समय के लिए देवदांड़ बाजार स्थित शाहरुख अंसारी के घर पर भी रखा गया था, जहां कथित तौर पर उनका निकाह कराने की बात सामने आ रही है।

जैसे ही इस हाई-प्रोफाइल मामले की भनक स्थानीय प्रशासन और पुलिस को लगी, शनिवार सुबह से ही देवदांड़ थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस लगातार आरोपी युवक और नाबालिग की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने आरोपी शाहरुख के पिता इस्लाम अंसारी को हिरासत में ले लिया है और उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है कि वे अपने बेटे को जल्द से जल्द सरेंडर करवाएं।

रविवार देर शाम तक पुलिस न तो नाबालिग को बरामद कर पाई थी और न ही मुख्य आरोपी शाहरुख पुलिस की पकड़ में आ सका था। अब उत्तर प्रदेश से नाबालिग के माता-पिता के गोड्डा पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, जिनके आने के बाद ही इस पूरे मामले की असली परतें और सच्चाई सामने आ सकेगी।




सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822