केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी के मामले में जांच तेज हो गई है। गृह मंत्रालय और पुलिस की टीमें पत्र में दर्ज मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच कर रही हैं।

 

कंचन क्रांति न्यूज, पटना।

 केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी के मामले में जांच और प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की ओर से केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखे जाने के बाद गृह मंत्रालय के साथ-साथ सुरक्षा और जांच एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंत्रालय को मिले गुमनाम पत्र में जिन दो मोबाइल नंबरों का उल्लेख किया गया था, जांच एजेंसियों ने उनके आधार पर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सर्विलांस और साइबर सेल की टीमें उन नंबरों का आईपी (IP) एड्रेस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई हैं, ताकि धमकी देने वाले और इसके पीछे छिपे source का पता लगाया जा सके।

 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गृह मंत्रालय ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। चूंकि वे केंद्र सरकार की ओर से प्रदान की गई 'जेड-श्रेणी' (Z-Category) सुरक्षा के दायरे में हैं, इसलिए उनकी जनसभाओं, आगामी दौरों और दिल्ली व पटना स्थित आवास पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं।

 

इधर, लोजपा (रामविलास) के मीडिया प्रभारी निशांत मिश्रा ने कहा कि पार्टी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। पार्टी की मांग है कि केंद्रीय जांच एजेंसियां इस साजिश की तह तक जाएं और धमकी देने वाले दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कानूनी सजा दिलाएं।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822