कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के प्रस्तावित देवघर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य न्यायाधीश के आगमन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आगामी कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश के देवघर आगमन के अवसर पर व्यवहार न्यायालय परिसर में ‘स्टेट लेवल लीगल सर्विसेज-कम-इम्पॉवरमेंट कैंप’ (राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर) का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर विशेष जोर

बैठक में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी मुस्तैद रहेंगे। वहीं, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए तैयार किए गए रूट चार्ट और पुलिस बलों की तैनाती की रूपरेखा से अधिकारियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम स्थल का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

बैठक समाप्त होने के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर सहित अन्य अधिकारियों ने व्यवहार न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 2 नवंबर 2026 को प्रस्तावित राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर के लिए पंडाल, मंच और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, व्यवस्था और तैयारियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में जिले के न्यायाधीशगण, अपर समाहर्ता, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य न्यायाधीश के प्रस्तावित दौरे और राज्यस्तरीय विधिक सेवा शिविर को देखते हुए जिला प्रशासन एवं न्यायिक तंत्र कार्यक्रम की तैयारियों को समय पर पूरा करने में जुटे हैं।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822