अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने SAVE अमेरिका एक्ट का समर्थन करते हुए भारत की चुनाव प्रणाली की तारीफ की। ट्रंप ने कहा कि भारत में 64.6 करोड़ से अधिक लोगों ने मतदान किया, फिर भी डाक मतपत्र 1% से कम रहे।
वाशिंगटन। अमेरिका में चुनावी कानूनों को और सख्त बनाने की वकालत करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की चुनाव प्रणाली की जमकर सराहना की है। उन्होंने 'SAVE अमेरिका एक्ट' (SAVE America Act) के पक्ष में माहौल बनाते हुए भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के साथ हुई एक चर्चा का विशेष रूप से उल्लेख किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' (Truth Social) पर की गई एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि भारत में हाल ही में संपन्न हुए आम चुनावों में 64.6 करोड़ से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इतनी विशाल संख्या के बावजूद, वहाँ केवल एक प्रतिशत से भी कम लोगों ने डाक मतपत्र (Postal Ballots) के माध्यम से मतदान किया।
ट्रंप के अनुसार, भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ने इस महीने की शुरुआत में उनके प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत की थी। इस दौरान भारतीय CEC ने यह सवाल उठाकर हैरानी जताई थी कि आखिर अमेरिका में बिना किसी वैध फोटो पहचान पत्र (Photo ID Card) के चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं।
डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका में मतदाता पहचान पत्रों (Voter Photo ID Cards) की अनिवार्यता और फर्जी मतदान को रोकने के लिए 'SAVE अमेरिका एक्ट' को लागू करवाने के प्रयास में जुटे हैं। उन्होंने भारतीय चुनाव प्रक्रिया का उदाहरण देते हुए कहा कि जब दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र इतने बड़े पैमाने पर सुरक्षित और निष्पक्ष मतदान करा सकता है, तो अमेरिका को भी पहचान पत्र संबंधी नियमों में सख्ती बरतनी चाहिए।