देवघर वासियों के लिए 26 अगस्त को सुबह 9 से शाम 6 बजे तक मुफ्त 'शीघ्र दर्शनम' की विशेष सुविधा। बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने के लिए स्थानीय पहचान पत्र (आईडी) लाना अनिवार्य। पूरी खबर पढ़ें।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों को विशेष सम्मान देते हुए बुधवार को मुफ्त 'शीघ्र दर्शनम' (वीआईपी दर्शन) की सौगात दी है। देवघर के निवासी 26 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक बिना किसी शुल्क के शीघ्र दर्शनम कतार के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक और पूजन कर सकेंगे।

 

बाबा मंदिर के प्रभारी पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि इस विशेष व्यवस्था का लाभ उठाने के लिए श्रद्धालुओं को अपना स्थानीय फोटोयुक्त पहचान पत्र (जैसे स्थानीय आधार कार्ड या अन्य मान्यता प्राप्त सरकारी पहचान पत्र) साथ लाना अनिवार्य होगा, जिससे उनके देवघर का निवासी होने की पुष्टि हो सके।

 

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि पूरे श्रावणी मेले के दौरान देवघर के नागरिक देश-विदेश से आने वाले लाखों कांवरियों की सेवा में समर्पित रहते हैं। स्थानीय लोगों के इसी अभूतपूर्व सहयोग और सेवा भाव को सम्मान देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि बाबाधाम आने वाले हर श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक को सुखद एवं दिव्य अनुभूति प्राप्त हो।

 

जिला प्रशासन ने सभी देवघरवासियों से अपील की है कि वे मंदिर परिसर में अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें और पहचान पत्र के साथ इस सुविधा का लाभ उठाएं।


 

...........................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822