देवघर में भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने संगठन विस्तार, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर दिया।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की देवघर जिला इकाई की बैठक में संगठन के विस्तार, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष विजया सिंह ने की। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह उपस्थित रहीं।
बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने महिला मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की जरूरत है। इसके लिए महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जोड़ना होगा। उन्होंने संगठन में महिलाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए नए और पुराने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की अपील की। साथ ही कार्यकर्ताओं को अनुशासन बनाए रखने की सीख भी दी।
सीमा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं के सम्मान और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को लेकर महिलाओं के बीच पहुंचने तथा उन्हें संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता महिलाओं के बीच जाकर ऐसे प्रयासों के बारे में जागरूकता फैलाएंगी। उन्होंने महिलाओं को समाज की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका पर बल दिया।

बैठक में भाजपा के जिला अध्यक्ष सचिन रवानी और पूर्व विधायक नारायण दास सहित कई नेता एवं महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद रहीं। प्रमुख रूप से विशाखा सिंह, सुनीता सिंह, नवल राय, पंकज सिंह भदोरिया, विजया सिंह, सुलोचना देवी, अलका सोनी, ममता गुप्ता, सुमन केसरी, प्रज्ञा झा, सावित्री देवी, विनीता पासवान, पुनीता सिंह, बिंदु पाठक, कुसुम सिंह, मीणा झा, संध्या देवी, मुन्नी देवी, लक्ष्मी देवी, आरती देवी, प्रतिभा देवी और मंजू पासवान ने बैठक में भाग लिया।
बैठक में महिला मोर्चा के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822