देवघर में भाजपा ने छात्रों के समर्थन में निकाली विशाल आक्रोश रैली। JPSC-JSSC घोटाले की CBI जांच और छात्रों पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर DDC को सौंपा ज्ञापन।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर में छात्रों के समर्थन और उनके हक की आवाज को बुलंद करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा एक विशाल आक्रोश रैली निकाली गई। भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और छात्रों ने शिवलोक परिसर से लेकर देवघर समाहरणालय तक मार्च किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस लेने तथा JPSC-JSSC घोटालों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर उप विकास आयुक्त (DDC) को एक ज्ञापन सौंपा।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी और सरकार पर तीखा हमला
इस आक्रोश रैली में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के विधायक राज सिन्हा, पूर्व विधायक सह प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह, पूर्व विधायक नारायण दास और देवघर जिला प्रभारी यदुनंदन पाठक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
रैली को संबोधित करते हुए धनबाद विधायक राज सिन्हा ने वर्तमान महागठबंधन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ठगबंधन की सरकार ने हर सीमा को लांघकर छात्रों को बुरी तरह ठगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन चुनाव के समय भी झूठ बोलकर सत्ता में आए थे और आज जेपीएससी घोटालों की सीबीआई जांच से डर रहे हैं, जिससे साफ होता है कि इस भ्रष्टाचार में उनके हाथ भी डूबे हुए हैं। उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध, महिलाओं पर अत्याचार और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया।
झामुमो सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने कड़े शब्दों में कहा कि झामुमो के राष्ट्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य की पत्नी के पीए द्वारा पैसे लेने के मामले में अब तक कार्रवाई न होना यह साबित करता है कि इस पूरे खेल में पार्टी की सीधी मिलीभगत है। कांग्रेस और राजद ने भी इसमें हाथ धोकर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। इतना ही नहीं, सरकार अपने कुकर्मों को छिपाने के लिए छात्रों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उनका भविष्य बर्बाद करने पर तुली हुई है। उन्होंने देवघर सहित पूरे झारखंड में सरकारी दफ्तरों में बिना घूस के काम न होने की बात कहते हुए भ्रष्ट व्यवस्था की पोल खोली।
पूर्व विधायक सह प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह और जिला प्रभारी यदुनंदन पाठक ने भी स्पष्ट शब्दों में चेताया कि छात्रों के साथ हो रहा यह अन्याय कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा अंतिम सांस तक छात्रों की इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी, जब तक सरकार जेपीएससी-जेएसएससी मामलों की सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं करती।
भाजपा की प्रमुख मांगें
- छात्रों पर दर्ज सभी झूठे मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं।
- JPSC और JSSC घोटालों की निष्पक्ष CBI जांच कराई जाए।
- घोटालों में संलिप्त दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो।
- राज्य के युवाओं को न्याय और उनका वाजिब अधिकार मिले।

इस विशाल आक्रोश रैली और प्रदर्शन में संजीव जजवाड़े, विशाखा सिंह, जिला महामंत्री सुनीता सिंह, अभयानंद झा, उपाध्यक्ष अधीर चंद्र भैया, पप्पू यादव, पंकज सिंह भदोरिया, विजया सिंह, मुकेश पाठक, सुलोचना देवी, मनोज मिश्रा, अलका सोनी, रवींद्रनाथ तिवारी, संतोष उपाध्याय, नवल राय, दिवाकर गुप्ता, महेश राय, सौरभ कश्यप, बलबीर राय, अमृत मिश्रा सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष, प्रभारी, प्रवासी और बड़ी संख्या में देवघर जिले के पार्टी कार्यकर्ता बंधु उपस्थित रहे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822