देवघर के महात्मा गांधी सभागार में गुरु गोष्ठी सह शिक्षक सम्मान समारोह। डीएसई मधुकर कुमार ने 12 शिक्षकों को किया सम्मानित और ई-विद्यावाहिनी एंट्री में सुधार का दिया निर्देश।
तरुण कुमार कंचन, देवघर।
आर मित्रा डीसीएम एसओई देवघर के महात्मा गांधी सभागार में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर समग्र शिक्षा अभियान एवं प्रखंड संसाधन केंद्र देवघर द्वारा मासिक गुरु गोष्ठी सह प्रखंड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) सह प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मधुकर कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
गुरु गोष्ठी के दौरान यू-डायस (शिक्षक, छात्र व विद्यालय मॉड्यूल), एसएमसी पुनर्गठन, स्प्लिट सिलेबस, सावित्रीबाई फुले व ई-कल्याण छात्रवृत्ति, बायोमेट्रिक उपस्थिति, मध्याह्न भोजन (MDM) और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की समीक्षा की गई। डीएसई मधुकर कुमार ने विभागीय इंडिकेटर्स में सुधार लाने का निर्देश देते हुए कहा कि स्प्लिट सिलेबस और पुनर्गठित एसएमसी की ई-विद्यावाहिनी पर शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित की जाए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 शिक्षक हुए सम्मानित
अपने क्षेत्र और विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 शिक्षकों को डीएसई द्वारा अंगवस्त्र, प्रशस्ति-पत्र और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का चित्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले शिक्षकः बैद्यनाथ यादव (प्रभारी, उ.म.वि. अंधरीगादर), कुन्दन कुमार (उ.प्र.वि. बनौगा), राजेश कुमार दास (उ.म.वि. बाघमारा), प्रीति कुमारी (म.वि. विवेकानंद), शिप्रा कुंडू (प्रा.वि. कुरुमटांड), चन्दन कुमार श्रीवास्तव (प्रा.वि. धरवाडीह), आशा कुमारी (प्रा.वि. दर्दमारा), बेबी कुमारी (शारदा कन्या बालिका विद्यालय), सेरोफिना कच्छप (म.वि. कमला कन्या), विशु किरण (सीएम एसओई मातृ मन्दिर), आलोक कुमार (उ.उ.वि. मानिकपुर) और बिमलेश कुमार पंकज (आर मित्रा डीसीएम एसओई देवघर) हैं।
समारोह में मंच का संचालन बंशीधर दुबे एवं व्यवस्था का संचालन प्रशांत कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी वीणा हेलेन टुडू, रौशन कुमार सिंह, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक अरविंद राज जजवाड़े, लेखापाल राहुल भारद्वाज, एमआईएस पंकज कुमार, श्री कांत, राजीव कुमार सहित देवघर और जसीडीह अंचल के सभी प्रधानाध्यापक उपस्थित थे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822