अररिया के महलगांव थाना क्षेत्र में बकरा नदी में डूबी तीन बच्चियों में से दो के शव मंगलवार को एनडीआरएफ ने बरामद किए। एक अन्य की तलाश जारी है।
कंचन क्रांति न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले के महलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरह पंचायत के उदा गांव के पास बकरा नदी में सोमवार को गीली मिट्टी लाने गईं तीन बालिकाएं गहरे पानी में डूब गईं। घटना के दूसरे दिन मंगलवार को कड़ी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ (NDRF) और गोताखोरों की मदद से दो बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि तीसरी बच्ची की तलाश अभी भी जारी है।
गीली मिट्टी लाने गई थीं बच्चियां
पूर्व पंचायत समिति सदस्य सलाह उद्दीन ने जानकारी दी कि सोमवार को उदा पुल के निकट बकरा नदी के किनारे ये तीनों किशोरियां घर के लेप या अन्य कार्यों के लिए गीली मिट्टी लाने गई थीं। इसी दौरान पैर फिसलने से तीनों गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।
दो शव बरामद, एक की तलाश जारी
प्रशासनिक और एनडीआरएफ टीम द्वारा चलाए गए खोजबीन अभियान के दौरान जिन दो किशोरियों के शव मंगलवार को बरामद किए गए, उनकी पहचान रफत (12 वर्ष, पुत्री यूसुफ) और ऐनाज (13 वर्ष, पुत्री जसीम शामाल) के रूप में हुई है। दोनों उदा गांव की ही रहने वाली थीं। वहीं, मंगलवार शाम तक मुजाहिद की 12 वर्षीय पुत्री नाजदा का कोई सुराग नहीं मिल पाया है और वह लापता बताई जा रही हैं। नाजदा की तलाश के लिए एनडीआरएफ की विशेष टीम और स्थानीय गोताखोर नदी में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।
गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के घरों में कोहराम मच गया है और पूरे उदा गांव तथा पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महलगांव थानेदार ब्रजेश कुमार ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि दो शव बरामद कर लिए गए हैं और तीसरी बच्ची की खोजबीन लगातार जारी है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822