बिहार के पश्चित चंपारण में गन्ने के खेत में गेंडा मिलने से ग्रामीणों में दहशत। वन विभाग की टीम मौके पर कैंप कर रही है। पटना से विशेष टीम और हाथी के आने का इंतजार, पढ़ें पूरी खबर।
मधुबनी। बिहार के पश्चिम चंपारण में धनहा थाना क्षेत्र के मधुबनी इलाके में एक दुर्लभ और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार की दोपहर धनहा थाना क्षेत्र के देवीपुर कोइरी टोला सरेह में एक गेंडा आ धमका, जिससे इलाके में भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया है। गेंडे को अचानक अपने बीच पाकर ग्रामीण भयभीत हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गेंडा देवीपुर सरेह के एक गन्ने के खेत से निकलकर आगे बढ़ते हुए गोबरहिया सरेह पहुंच गया और वहां भी गन्ने के घने खेत में छिप गया है। गेंडे की मौजूदगी की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और वन विभाग को तुरंत सूचित किया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया।
मौके पर कैंप कर रहे वनरक्षी मोहम्मद आबिद हुसैन और रंजीत कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि गेंडा फिलहाल गोबरहिया सरेह के एक गन्ने के खेत में सुरक्षित छिपा हुआ है। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, गेंडे को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए पटना से एक विशेष एक्सपर्ट टीम को रवाना किया गया है। इसके अलावा, गेंडे के करीब पहुंचकर उसे ट्रैंकुलाइजर गन से बेहोश करने के लिए हाथी की भी मदद ली जा रही है, जिसके जल्द ही मौके पर पहुंचने की उम्मीद है। हाथी की मौजूदगी से रेस्क्यू टीम को गेंडे के नजदीक जाने और उसे सुरक्षित काबू करने में आसानी होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले बीते 13 अक्टूबर को पिपरासी क्षेत्र में भी एक गेंडा देखा गया था। वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों के बीच इस बात की चर्चा है कि मधुबनी में दिखा यह गेंडा वही हो सकता है, जो भटकते हुए इस क्षेत्र तक आ पहुंचा है। हालांकि, वन विभाग की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गेंडे के खुलेआम खेतों में घूमने की वजह से आसपास के दर्जनों गांवों में डर का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने आसपास के सभी ग्रामीणों को सरेह में जाने से सख्त मना किया है और सभी से पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है।
मौके पर टाइगर ट्रैकर सर्वेंद्र यादव, लालसा यादव, सुभाष यादव, जितेंद्र कुमार समेत वन विभाग की पूरी टीम लगातार कैंप कर रही है। विभाग का मुख्य उद्देश्य बिना किसी इंसानी या पशु नुकसान के गेंडे को सकुशल रेस्क्यू करना है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822