देवघर के दर्दमारा में सैन्य संपर्क मेले के तहत रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। सांसद निशिकांत दुबे ने सपरिवार रक्तदान किया। शिविर में 29 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर के दर्दमारा में आयोजित सैन्य संपर्क मेला ‘भारतीय सेना आपके द्वार’ के तहत बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट (बीबीएमटी) के पीडी हिंदुजा अस्पताल परिसर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। भारतीय सेना, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर और एम्स देवघर ब्लड सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कुल 29 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने अपनी पत्नी एवं बीबीएमटी की चेयरमैन अनामिका गौतम तथा पुत्र माहिंकांत दुबे के साथ रक्तदान कर लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ आए शिक्षकों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।
सैन्य संपर्क मेला में सैन्य डॉक्टरों ने मेडिकल जांच की विशेष शिविर लगाए। इसमें भी लोगो की काफी भीड़ रही। यहां कई तरह की जांच की गई। मरीजों को पैथेलॉजी जांच के साथ दवा भी उपलब्ध कराई गई।

रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा
रक्तदान शिविर के दौरान सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा और ईश्वर की आराधना है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का एक यूनिट रक्त जरूरतमंद परिवार के सदस्य की जान बचा सकता है और किसी को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर के चेयरमैन जितेश राजपाल ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी हमेशा से पीड़ित मानवता की सेवा और जीवन की रक्षा के लिए समर्पित रही है। रक्तदान जैसे अभियान समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना की भावना को मजबूत करते हैं।
रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर के वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विज्ञान ने भले ही काफी प्रगति कर ली हो, लेकिन रक्त का ऐसा कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है, जो जरूरत के समय मानव रक्त की जगह ले सके। एक इंसान ही दूसरे इंसान को रक्त देकर उसका जीवन बचाने में मदद कर सकता है। इसलिए रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं और जीवन की रक्षा से बड़ा कोई पुण्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि कई लोग रक्तदान को लेकर संकोच करते हैं, जबकि पात्र और स्वस्थ व्यक्ति चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप रक्तदान कर किसी जरूरतमंद की जान बचाने में योगदान दे सकते हैं। रक्तदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना और लोगों को इसके लिए जागरूक करना भी जरूरी है।
एम्स देवघर की टीम के सहयोग से हुआ आयोजन

एम्स देवघर के ब्लड सेंटर की समर्पित टीम के सहयोग से आयोजित इस रक्तदान अभियान ने क्षेत्र में जनसेवा की भावना को प्रोत्साहित किया। शिविर में रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से भाग लेकर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में योगदान दिया। आयोजन का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही लोगों को मानव सेवा के इस महत्वपूर्ण कार्य से जोड़ना रहा।
शिविर में सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, बीबीएमटी की चेयरमैन अनामिका गौतम, माहिंकांत दुबे, पीयूष जायसवाल, मन्नू पंडित, सुशील कुमार गुप्ता, आशीष कुमार, अजय राज जायसवाल, एलेक्स वीए, रविंद्र, रोहित कुमार यादव, मो. नियामुल, शिखा कटियार, सियाराम कुमार, आलोक जायसवाल, राजमन यादव, अभय सिंह, विपुल सिंह, श्यामसुंदर सुथार, निखिल कुमार, मनोज कुमार, प्रफुल्ल कुमार दास, संध्या, निधि राज, राजीव रंजन दुबे, सुनील कुमार, मुकेश कुमार पाठक, साहिल कुमार और बाबूलाल राव सहित अन्य लोगों ने रक्तदान किया।
रेड क्रॉस के पदाधिकारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद
शिविर के सफल संचालन और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर के सचिव डॉ. निरंजन सिंह, संताल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष गोपाल शर्मा, चैंबर के पूर्व अध्यक्ष आलोक मल्लिक, रेड क्रॉस सोसाइटी के पूर्व चेयरमैन अरुण गुटगुटिया, कार्यकारिणी सदस्य विजय प्रताप सनातन, संजय मिश्रा, सुरेशानंद झा, ममता किरण, अर्चना भगत तथा आजीवन सदस्य ज्योति कुमारी और डॉ. संजय भगत विशेष रूप से उपस्थित रहे।

शिविर में 29 यूनिट रक्त का संग्रह इस बात का संदेश रहा कि समाज के लोगों की छोटी-सी पहल भी किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की उम्मीद बन सकती है। रक्तदान के प्रति जागरूकता और सहभागिता बढ़ाकर ही जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूत किया जा सकता है।
.................................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822