नंदन पहाड़ से शिवगंगा तक तैयारियों का लिया जायजा, साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश; खतरनाक घाटों पर होगी बैरिकेडिंग

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

लोक आस्था के महापर्व छठ और दीपावली को लेकर देवघर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने प्रमुख छठ घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, उपमहापौर, स्थानीय पार्षदों और निगम के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने देर शाम शहर के चार प्रमुख छठ घाटों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, संपर्क पथों की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया।

प्रशासनिक टीम ने नंदन पहाड़ छठ घाट, दड़वा नदी घाट, जलसार सूर्य मंदिर घाट और ऐतिहासिक शिवगंगा घाट का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं और पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

घाटों पर रोशनी और स्वच्छता को प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से घाटों की साफ-सफाई, हाई-मास्ट लाइट और स्ट्रीट लाइट की उपलब्धता, संपर्क मार्गों की मरम्मत तथा सुरक्षा मानकों पर ध्यान दिया गया। नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद नगर प्रबंधक सतीश कुमार, मनीष कुमार तिवारी और संबंधित संवेदकों को निर्देश दिया कि छठ पर्व से पहले सभी चिह्नित घाटों पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था का काम युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि सुबह और शाम अर्घ्य देने आने वाले छठव्रतियों तथा श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

गहरे पानी वाले क्षेत्रों में होगी बैरिकेडिंग, बनेंगे चेंजिंग रूम

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खतरनाक और अधिक गहराई वाले जल क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग लगाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा छठव्रतियों की सुविधा के लिए घाटों पर चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर निगम प्रशासन का जोर इस बात पर है कि पर्व के दौरान घाटों पर स्वच्छता के साथ-साथ सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान उपमहापौर और स्थानीय पार्षदों ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अपने सुझाव रखे। मौके पर पार्षद अनूप बरनवाल, शैलेश चरण मिश्र, सोनी केशरी, पार्षद प्रतिनिधि संजीव राय, महेंद्र महता, राहुल कुमार झा और कैलाश चौधरी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पर्व से पहले पूरी करनी होगी तैयारी

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लोक आस्था के इस महापर्व में स्वच्छता, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों और संवेदकों को समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे करने का निर्देश दिया गया है।

नगर निगम का उद्देश्य छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे पूरी श्रद्धा और सुविधा के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

…………………………………………………………………………………………..

Office  - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822