देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने जनता दरबार में पेंशन और राशन कार्ड के मामलों का ऑन द स्पॉट निपटारा किया। अंचलाधिकारियों को म्यूटेशन मामलों के जल्द निष्पादन का सख्त निर्देश दिया।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी व ग्रामीण इलाकों से आए फरियादियों ने भू-अर्जन, मुआवजा, पेंशन, आवास और 'झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना' से जुड़ी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।

 

जनता दरबार के दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, वृद्धा पेंशन और राजस्व से संबंधित कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान किया गया। आम जनता की सुविधा के लिए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और पहचान पत्र से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

 

अंचल कार्यालयों की कार्यशैली पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) और पर्चा से जुड़े मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना ठोस कारण के आवेदन खारिज न किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने अतिक्रमण, शिक्षा, अनुकंपा और बिजली बिल से जुड़े मामलों की भौतिक जांच कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। 

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822