देवघर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने भू-हस्तांतरण और भूमि अधिग्रहण कार्यों की समीक्षा की। एम्स, अस्पताल, सौर ऊर्जा केंद्र और रेलवे परियोजनाओं के लिए जल्द जमीन चिन्हित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर जिले में चल रही विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को गति देने और भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में उपायुक्त ने अंचलवार चल रहे कार्यों की व्यापक समीक्षा की और भूमि संबंधी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एम्स, अस्पताल और अन्य परियोजनाओं के लिए जमीन चिन्हित करने के निर्देश
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने देवीपुर एम्स के आसपास अग्निशमन केंद्र और केंद्रीय विद्यालय के निर्माण कार्य के साथ-साथ देवघर अंचल के अंतर्गत 500 बेड के अस्पताल के लिए उपयुक्त भूमि की उपलब्धता जल्द से जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अंचलाधिकारियों को दिए।
इसके अलावा बैठक में जिले में सौर ऊर्जा केंद्र की स्थापना, रेलवे की विभिन्न चालू परियोजनाओं, सिकटिया परियोजना और विभिन्न प्रखंडों में नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु अविलंब भूमि चिन्हित करने पर जोर दिया गया, ताकि इन कल्याणकारी योजनाओं का काम समय पर शुरू हो सके। साथ ही, मोहनपुर अंचल अंतर्गत केंद्रीय कारा (Jail) एवं कोर्ट के लिए अधिग्रहित जमीन को लेकर भी संबंधित अंचलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।
लंबित भू-अर्जन मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
उपायुक्त ने विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े लंबित भू-अर्जन कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की और अधिकारियों को कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि आ रही समस्याओं का समाधान आपसी समन्वय के साथ किया जाए। उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को देवघर और मधुपुर के अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर भूमि से जुड़े सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूर्ण करने को कहा। साथ ही, इन सभी कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट तैयार कर जल्द से जल्द उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।
इस उच्च स्तरीय बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, देवघर एसडीओ रवि कुमार, मधुपुर एसडीओ राजीव कुमार, सभी अंचलों के अंचल अधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822