देवघर-जसीडीह रेल बाईपास के उद्घाटन का काउंटडाउन शुरू हो गया है। आज सीआरएस द्वारा 9 घंटे का संरक्षा निरीक्षण किया जा रहा है। 18 सितंबर के बाद उद्घाटन की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर।
तरुण कुमार कंचन, देवघर।
देवघर-जसीडीह रेल बाईपास पर ट्रेनों के परिचालन की उल्टी गिनती अब शुरू हो गई है। गुरुवार, 10 सितंबर को मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त (CRS) देवघर लिंक से कुमराबाद-रोहिणी तक नई रेल लाइन का करीब नौ घंटे तक कड़ा संरक्षा निरीक्षण करेंगे। सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाले इस निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्शन स्पेशल ट्रेन और मोटर ट्रॉली के माध्यम से ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, विद्युत व्यवस्था और अन्य सभी संरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की जाएगी।
युद्ध स्तर पर पूरी की गईं तैयारियां

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण की तैयारी को लेकर बुधवार को दिनभर रेलवे की पूरी टीम बाईपास लाइन को दुरुस्त करने में जुटी रही। परियोजना की हर बारीकी पर ध्यान देते हुए सुरक्षा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी आशंका और तकनीकी कमी का समाधान किया गया। एनएच-333 पर स्थित ब्रिज के पास बुधवार को पूरे दिन फिनिशिंग और मेंटेनेंस का काम चलता रहा।
डीआरएम ने लिया जायजा
सीआरएस की हरी झंडी मिलते ही इस बाईपास पर ट्रेनों के परिचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा। स्थानीय सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के अनुसार, सितंबर माह में ही 18 तारीख के बाद इसके भव्य उद्घाटन की पूरी संभावना है। इसी कड़ी में बुधवार को आसनसोल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य ने आसनसोल-मधुपुर-जसीडीह रेलखंड का दौरा कर बाईपास समेत परिचालन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।
डिफेंस और ऑपरेशनल तैयारियों का मुआयना करते हुए डीआरएम ने मधुपुर-जसीडीह सेक्शन में ट्रैक और संरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखी। इसके बाद जसीडीह पहुंचकर उन्होंने बाईपास परियोजना के अधिकारियों के साथ बैठक की और निर्माण कार्य, ट्रैक, सिग्नल तथा विद्युत व्यवस्था की प्रगति रिपोर्ट ली।
यातायात होगा सुगम, घटेगा दबाव
इस रेल परियोजना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और अब संरक्षा मंजूरी की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बाईपास के शुरू होने से जसीडीह स्टेशन पर ट्रेनों का अतिरिक्त परिचालन दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा। साथ ही, देवघर क्षेत्र में रेल यातायात अधिक सुगम बनेगा और पूरे रेलखंड की परिचालन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। आज होने वाला सीआरएस निरीक्षण इस पूरी परियोजना के लिए सबसे बड़ा और निर्णायक पड़ाव साबित होने जा रहा है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822