देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र में जमीन कब्जाने की नीयत से घर पर बमबाजी। पुलिस की ढुलमुल कार्रवाई से सहमे पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई सुरक्षा व कार्रवाई की गुहार। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
जिले के कुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदडीह में भू-माफियाओं के दुस्साहस का मामला सामने आया है। फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन पर कब्जा करने की नीयत से अपराधियों ने पीड़ित परिवार के घर पर देर रात बमबारी की और जानलेवा हमला कर दिया। स्थानीय पुलिस की कथित शिथिलता से भयभीत पीड़ित ने मंगलवार (25 अगस्त 2026) को पुलिस अधीक्षक (एसपी), देवघर को आवेदन सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
21 अगस्त की देर रात की घटना
पीड़ित दयानंद नापित (35 वर्ष) ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि 21 अगस्त 2026 की देर रात करीब 02:30 बजे उनके पड़ोस के कुछ लोग अन्य असामाजिक तत्वों के साथ उग्र होकर उनके घर पहुंचे। आरोपियों में नवीन नापित, रामदेव नापित, राजू नापित, रवि नापित और 3 अन्य अज्ञात (मुंह ढके हुए) लोग शामिल थे।
आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। जब परिजनों ने डर के मारे दरवाजा नहीं खोला, तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से घर पर बम फेंक दिया। घटना के तत्काल बाद 112 (आपातकालीन नंबर) पर सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
कुंडा थाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
पीड़ित ने कुंडा थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। दयानंद नापित का आरोप है कि लिखित शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने केवल औपचारिकता निभाई। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में बिना किसी ठोस कानूनी कार्रवाई के उसे छोड़ दिया। आरोप है कि पुलिस की इस लापरवाही से बेखौफ आरोपी अब पीड़ित परिवार को लगातार जान से मारने और जमीन से बेदखल करने की धमकियां दे रहे हैं।
निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
दहशत में जी रहे पीड़ित परिवार ने एसपी देवघर से मामले की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने, फर्जी दस्तावेज बनाकर हमला करने वाले सभी आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी और परिवार को उचित पुलिस सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
रिपोर्ट - चंदन कुमार ठाकुर
...........................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822