देवघर के मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र में पिकअप चालक से लूट की कोशिश करने वाले 3 अपराधी गिरफ्तार। ग्रामीणों की मदद से नकली पिस्टल के साथ एक आरोपी पकड़ा गया था।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर जिले के मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत लहरजोरी मोड़ के पास बोलेरो पिकअप वाहन से मछली लाने जा रहे चालक को नकली पिस्टल का भय दिखाकर लूटपाट करने का प्रयास किया गया। हालांकि, पीड़ित चालक और स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ व बहादुरी से एक अपराधी को मौके पर ही दबोच लिया गया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मधुपुर से ही कर रहे थे पीछा
कांड के वादी त्रिपुरारी रजवार (पिता- तारणी रजवार, निवासी- मीना बाजार, बैंक कॉलोनी, मधुपुर, जिला- देवघर) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह 18 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:15 बजे अपने खलासी कुंदन विश्वकर्मा के साथ बोलेरो पिकअप वाहन (संख्या- JH10CQ 2673) से मछली लाने आसनसोल जा रहे थे। रास्ते में एक काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। लहरजोरी पुल के पास रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन लेकर आगे निकल गया, लेकिन अपराधियों ने रात करीब 10:10 बजे लहरजोरी मोड़ के समीप उन्हें जबरन रोक लिया।
ग्रामीण के विरोध करने पर किया हमला
अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर जेब से रुपये, मोबाइल और पिकअप की चाबी छीनने का प्रयास किया। वादी द्वारा शोर मचाए जाने पर बगल के ग्रामीण वसीम अंसारी (पिता- रहीम अंसारी, निवासी- लहरजोरी) बचाव के लिए पहुंचे। विरोध करने पर पीछे बैठे अपराधी ने पिस्टल के बट से वसीम के सिर पर वार कर दिया और दाहिने तरफ पेट में दांत से काट लिया। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई जिसमें अपराधी भी जख्मी हो गया। वसीम के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़े, जिसे देख बाइक पर आगे और बीच में बैठे दो अपराधी मौके से फरार हो गए। वहीं, मुंह पर गमछा बांधे तीसरे अपराधी को ग्रामीणों ने घेरकर एक नकली पिस्टल के साथ दबोच लिया।
पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी और गिरफ्तारियां

ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी की पहचान अर्जुन यादव (22 वर्ष, पिता- बैधनाथ यादव, ग्राम- बांधडीह, थाना- सारठ, जिला- देवघर) के रूप में हुई, जिसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद मारगोमुण्डा थाना पुलिस ने त्वरित अनुसंधान और छापेमारी अभियान चलाते हुए दो अन्य अप्राथमिकी अभियुक्तों— डब्लु यादव (24 वर्ष, पिता- स्व० शीतल यादव, सा०- दोरही, थाना- मारगोमुण्डा) और संजय यादव (22 वर्ष, पिता- स्व० बासकी यादव, सा०- बाँधडीह, थाना- सारठ) को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। बदमाशों के पास से स्टील कलर की एक नकली पिस्टल, जिसके बैरल पर MADE IN CHINA लिखा हुआ है, पकड़ा गया। उनसे एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त TVS अपाचे काला-लाल रंग की मोटरसाइकिल पकड़ी गई।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मारगोमुण्डा थाना प्रभारी शशि कपूर, लक्ष्मण बोबोंगा, साहेबराम किस्कू, कांड के अनुसंधानकर्ता बिरेन्द्र राम एवं थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822