राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 18वें दिन देवघर में कांवरियों का सैलाब उमड़ा। भोर में सरकारी पूजा के बाद शुरू हुआ जलार्पण, बीएड कॉलेज से मंदिर तक लगी लंबी कतार।

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

 

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 18वें दिन देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरी शिवनगरी हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गुंजायमान है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला व मंदिर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सुविधा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

 

रविवार अहले सुबह 04:13 बजे बाबा मंदिर के पट खोले गए। परंपरा के अनुसार प्रातःकालीन सरकारी पूजा संपन्न होने के ठीक बाद आम कांवरियों के लिए जलार्पण की व्यवस्था शुरू कर दी गई। शनिवार देर रात से ही कांवरिया कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, जो पट खुलते ही अनुशासित तरीके से गर्भगृह की ओर बढ़ने लगे।

 

सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर पहुंचे कांवरियों से संपूर्ण रूट लाइन केसरिया रंग में रंगी नजर आ रही है। बीएड कॉलेज परिसर से लेकर मंदिर प्रांगण तक श्रद्धालु कतारबद्ध होकर निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। भक्तों के बीच भारी उत्साह और अटूट आस्था देखी जा रही है। प्रशासन द्वारा कतार संचालन और भीड़ नियंत्रण के लिए रूट लाइन में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

 



..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822