देवघर सत्संग आश्रम में परम प्रेममय श्रीश्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी का 81वां शुभागमन दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य नगर कीर्तन और शोभायात्रा निकाली गई।

 

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

 

सत्संग आश्रम, देवघर में परम प्रेममय श्रीश्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी का 81वां शुभागमन दिवस अपार श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। दिनभर चले इन विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक अनुष्ठानों में देश के कोने-कोने से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

 

वेद पाठ व नगर कीर्तन से हुई शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः ब्रह्ममुहूर्त में वेद मांगलिक पाठ के साथ हुआ। इसके पश्चात संपूर्ण नगर में प्रभात फेरी व नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में भक्त शामिल हुए। प्रातः 5:29 बजे समवेत प्रार्थना-प्रणाम के उपरांत श्रीश्री ठाकुर जी के अमर ग्रंथों का पाठ किया गया।

 

अष्टधातु की प्रतिमाओं का नगर भ्रमण

सुबह 7 बजे आश्रम परिसर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। एक विशेष रूप से सुसज्जित वाहन में श्रीश्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी और श्रीश्री बड़मां की अष्टधातु की प्रतिमाओं को स्थापित कर नगर भ्रमण कराया गया। यह शोभायात्रा सत्संग आश्रम से प्रारंभ होकर शंख मोड़ और नेताजी सुभाष चौक होते हुए बैद्यनाथधाम स्टेशन पहुंची, जहां विग्रह का अनावरण किया गया। इसके बाद शोभायात्रा टावर चौक और पुरंदाहा होते हुए पुनः आश्रम परिसर में संपन्न हुई।

 

चार राज्यों के बैंड दलों ने बिखेरी मधुर धुनें

शोभायात्रा में झारखंड, बिहार, ओड़िशा और असम से आए बैंड दलों ने अपनी मधुर धुनों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दोपहर के समय आयोजित विशाल 'आनंदबाजार' (महाप्रसाद वितरण) में हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। रात्रि बेला में विशेष सत्संग, भक्ति संगीत और नाम कीर्तन के साथ इस भव्य वार्षिक उत्सव का समापन हुआ।

 

क्या है ऐतिहासिक महत्व?

उल्लेखनीय है कि 2 सितंबर 1946 को परम प्रेममय श्रीश्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी बांग्लादेश के पाबना (हिमायतपुर) से ट्रेन द्वारा देवघर पहुंचे थे और यहीं स्थायी रूप से बस गए थे। इसी पावन स्मृति में प्रतिवर्ष 2 सितंबर को शुभागमन दिवस के रूप में बड़े पैमाने पर मनाया जाता है।


.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822