देवघर श्रावणी मेला 2026 में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सर्कुलर रोड व सत्संग चौक के प्रमुख रेस्टोरेंटों और मिठाई दुकानों में चलाया जांच अभियान। स्वास्थ्य शिविरों में अब तक 2.28 लाख से अधिक कांवरियों का हुआ इलाज। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

  

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

 

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के मद्देनजर देवघर जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया।

प्रमुख होटलों और रेस्टोरेंटों में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और लाइसेंस की जांच के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सर्कुलर रोड, विलियम्स टाउन और सत्संग चौक क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान डोसा प्लाजा, बटाटा ब्रॉस कैफे, बेल्जियम वेफल्स, डोमिनोज पिज्जा, अमूल आइसक्रीम पार्लर, चौपाटी, ठाकुर मिष्ठान, खुशबू स्वीट्स, अंबिका स्वीट्स, नटखट कैफे और होटल ग्रैंड सोना समेत कई प्रमुख प्रतिष्ठानों के खाद्य पदार्थों के सैंपल और एक्सपायरी डेट की जांच की गई।

 

इसके अलावा टीम ने मसाले, पनीर, सॉस, मिठाइयां, पके हुए भोजन और पानी की गुणवत्ता के साथ-साथ कीट प्रबंधन (Pest Control) से संबंधित अभिलेख भी जांचे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि एक्सपायर या अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री करने पर 'खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006' के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से भी FSSAI लोगो और एक्सपायरी डेट देखकर ही सामान खरीदने की अपील की गई है।


स्वास्थ्य शिविरों में 2.28 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का उपचार

दूसरी ओर, स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए निरंतर चिकित्सा सेवाएं दी जा रही हैं। जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अब तक विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों की ओपीडी (OPD) के माध्यम से कुल 2,28,148 श्रद्धालुओं का उपचार किया जा चुका है, जिनमें 1,49,802 पुरुष, 69,272 महिलाएं और 9,074 बच्चे शामिल हैं।

 

24 अगस्त को ओपीडी के जरिए 11,659 कांवरियों का इलाज किया गया। वहीं सदर अस्पताल एवं शिविरों में भर्ती (In-patient) सेवा के तहत अब तक 1,753 कांवरियों का उपचार किया गया है।


पल्स पोलियो अभियान भी जारी

स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मेला क्षेत्र में बच्चों के लिए पल्स पोलियो अभियान भी प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है। जिला आरसीएच (RCH) कार्यालय के अनुसार, अब तक कुल 58,468 बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा चुकी है।

 

सिविल सर्जन डॉ. एस. पी. मिश्रा एवं श्रावणी मेला प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के. के. सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर डॉक्टरों व पैरा-मेडिकल स्टाफ की टीमें तैनात हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

...........................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822