राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर देवघर प्रशासन अलर्ट। नगर आयुक्त व SDO ने 34 सूचना केंद्रों व 10 मातृत्व विश्राम गृहों के कर्मियों को ब्रीफ किया।
तरुण कुमार कंचन, देवघर।
विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 में बाबा नगरी देवघर आने वाले लाखों 'देवतुल्य' श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुट गया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर बुधवार को सूचना भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
देवघर नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) रवि कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में ऑडीशन से चुने गए नए सूचना सह सहायता कर्मियों (उद्घोषकों) और मातृत्व विश्राम गृह की महिला कर्मियों को उनके दायित्वों की बारीकी से जानकारी दी गई।
सिर्फ अनाउंसमेंट नहीं, सेवाभाव से जीतें कांवरियों का दिल
कर्मियों को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना ने कहा कि सूचना कर्मियों का काम सिर्फ बिछड़े श्रद्धालुओं के नाम की घोषणा करना भर नहीं है, बल्कि उन्हें सेवाभाव से हर संभव मदद करनी है।
हाईटेक होगा सूचना तंत्र: नगर आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष पूरे मेला क्षेत्र के सभी सूचना केंद्रों को आधुनिक डिजिटल नेटवर्क से आपस में जोड़ा जा रहा है। इस स्मार्ट तकनीक से भीड़ में अपनों से बिछड़े कांवरियों की सटीक लोकेशन और परिजनों की जानकारी चुटकियों में ढूंढ़ी जा सकेगी।

34 सूचना केंद्र, 4 टोटो और बाइकर्स 24 घंटे रहेंगे तैनात
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती ने मेले के सुरक्षा और सहायता तंत्र का पूरा खाका पेश किया:
34 सूचना सह सहायता केंद्र: पूरे मेला क्षेत्र में 24 घंटे कार्यरत रहेंगे।
केंद्रीय सूचना केंद्र (सर्राफ स्कूल): विशेष सहायता केंद्र के रूप में काम करेगा। यहां तैनात दंडाधिकारी और उनकी टीम असहाय कांवरियों को उनके घर तक पहुंचाने का जिम्मा संभालेंगे।
मोबाइल कनेक्टिविटी: संकरी गलियों में त्वरित मदद पहुंचाने के लिए 4 टोटो और 2 विशेष बाइकर्स मुस्तैद रहेंगे।
महिला श्रद्धालुओं के लिए 10 'मातृत्व विश्राम गृह
मेले में आने वाली महिला श्रद्धालुओं और उनके छोटे बच्चों की सुविधा के लिए 10 मातृत्व विश्राम गृह बनाए गए हैं। यहां मुफ्त सैनिटरी पैड, बच्चों के डायपर, दूध और बिस्कुट उपलब्ध रहेंगे।
· विशेष महिला स्टाफ: एसडीओ रवि कुमार ने बताया कि मातृत्व विश्राम गृहों में केवल महिला कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने कर्मियों को तय समय से आधे घंटे पहले ड्यूटी पर पहुंचने और पूरी शालीनता से सेवा देने का निर्देश दिया।
................................................................................................................................
Shravani Mela 2026 Deoghar, Deoghar News, Deoghar Information Center, Kanchan Kranti News, श्रावणी मेला देवघर 2026, देवघर नगर आयुक्त
