देवघर में बाबा बैद्यनाथ वेलफेयर सोसाइटी और झामुमो सेवा शिविर द्वारा चौथी सोमवारी पर हजारों कांवरियों के बीच फलाहारी जूस, फल और जल का वितरण किया गया।

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर:

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों का उत्साह चरम पर है। बीड कॉलेज कांवरिया पथ से लेकर जालसार पार्क और बाबा मंदिर तक पूरे रूट लाइन में भक्तों के लिए लगातार राहत सामग्री व जल-पान की व्यवस्था की जा रही है।


बाबा बैद्यनाथ वेलफेयर सोसाइटी की चलंत सेवा, हजारों को पिलाया गया जूस

कांवरिया पथ पर बाबा बैद्यनाथ वेलफेयर सोसाइटी द्वारा लगातार चलंत सेवा अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मत्स्य विभाग के समीप विशेष स्टॉल लगाकर हजारों कांवरियों के बीच फलाहारी जूस का वितरण किया गया।


संस्था के सचिव डॉ. मनोज कौशिक और कार्यक्रम पदाधिकारी कुमारी पल्लवी के नेतृत्व में दर्जनों स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सेवा की। डॉ. कौशिक ने बताया कि संस्था द्वारा खजुरिया से कटोरिया मार्ग तक दांडी बमों व सामान्य श्रद्धालुओं के लिए डाबर कंपनी के सौजन्य से जूस व विभिन्न मंदिरों में कपूर का वितरण नियमित रूप से किया जा रहा है। यह कार्यक्रम संस्था सदस्य रवि पांडे के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


झामुमो सेवा शिविर में चौथी सोमवारी को भी बांटा गया जल और फल

उधर, खजुरिया स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कांवरिया सेवा शिविर में वरिष्ठ नेता डॉ. विनोद कुमार के नेतृत्व में चौथी सोमवारी पर भी व्यापक स्तर पर सेवा कार्य चलाया गया। डॉ. विनोद कुमार ने अपने समर्थकों के साथ कांवरियों के बीच फल और शीतल जल का वितरण किया।


उन्होंने बताया कि वह पिछले 6 वर्षों से लगातार यह सेवा दे रहे हैं और जीवनपर्यंत इसे जारी रखेंगे। इस मौके पर नंदू दास, अरुण शर्मा, मनोज दास सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।