राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तीसरी सोमवारी को लेकर देवघर में सुरक्षा और कतार प्रबंधन की समीक्षा की गई। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और एसपी प्रवीण पुष्कर ने अधिकारियों को समन्वय और सुगम जलार्पण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर

 

राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तीसरी सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था व भीड़ प्रबंधन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। बी.एड. कॉलेज प्रांगण में आयोजित संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

 

संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि तीसरी सोमवारी के दिन देवघर में कांवरियों की संख्या अत्यधिक होती है। ऐसे में कतार प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था मुख्य प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवरियों की कतार बिना किसी रुकावट (गैप) के निरंतर आगे बढ़ती रहे, ताकि कम समय में अधिक से अधिक श्रद्धालु जलार्पण कर सकें। उन्होंने अंतर-विभागीय समन्वय और संचार तंत्र को मजबूत रखने की हिदायत दी ताकि किसी भी स्तर पर 'कॉर्डिनेशन गैप' न बने।

 

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने क्यू-मैनेजमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी आउटपोस्ट (ओपी) और ट्रैफिक ओपी के प्रभारी पुलिस उपाधीक्षक (DSP) स्तर के अधिकारी होंगे, जिनकी सीधी जिम्मेदारी अपने निर्धारित क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और यातायात सुगम बनाए रखने की होगी।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने भी तीसरी सोमवारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। इस दौरान जिला स्तर के तमाम प्रशासनिक, पुलिस और तकनीकी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


17वें दिन 2.27 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

इधर, राजकीय श्रावणी मेला के 17वें दिन बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्ज की गई। अहले सुबह 04:19 बजे से जलार्पण की प्रक्रिया शुरू हुई। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दिनभर में कुल 2,27,556 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया।

 

जलार्पण का विवरण:


आंतरिक अर्घा से जलार्पण: 1,08,254 श्रद्धालु

बाह्य अर्घा से जलार्पण: 1,03,583 श्रद्धालु

शीघ्र दर्शनम कूपन के माध्यम से: 15,719 श्रद्धालु

 

मेला क्षेत्र और रूट लाइन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT), दंडाधिकारी और पुलिस बल 24 घंटे तैनात हैं। पूरे रूट लाइन पर सीसीटीवी और गश्ती टीमों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है।


..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822