देवघर में चौथी सोमवारी को 2,61,832 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। शाम को शिवलोक परिसर से आयोजित भव्य ड्रोन शो में संस्कृति और तकनीक का अनूठा संगम दिखा।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर:
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 26वें दिन और अंतिम चौथी सोमवारी को बाबा नगरी देवघर में आस्था का महासंगम देखने को मिला। तड़के अहले सुबह 04:13 बजे से ही बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण शुरू हुआ। दिनभर में कुल 2,61,832 श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसमें बाह्य अर्घा के माध्यम से 1,40,875 और आंतरिक अर्घा के जरिए 1,20,957 भक्तों ने सुलभ जलार्पण कर पुण्य लाभ कमाया।

शिवलोक परिसर में भव्य ड्रोन शो, तकनीक और संस्कृति का अनूठा संगम
श्रावणी मेले को भव्य और यादगार बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार नवोन्मेषी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 24 अगस्त की शाम उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में शिवलोक परिसर में अत्याधुनिक 'ड्रोन शो' का आयोजन किया गया।
रात ठीक 07:30 बजे जैसे ही सैकड़ों ड्रोन्स ने एक साथ आसमान में उड़ान भरी, पूरी बाबा नगरी 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठी। 20 से 25 मिनट चले इस शो में रंग-बिरंगी लाइटों से सजे ड्रोन्स ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर से जुड़ी पौराणिक कथाओं, ऐतिहासिक महत्व, श्रावणी मेले की परंपरा और द्वादश ज्योतिर्लिंग से संबंधित आकृतियों को आसमान में सजीव रूप से उकेरा।

5 किलोमीटर के दायरे में दिखा अलौकिक दृश्य
इस शो की विशालता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाबा मंदिर की परिधि से लगभग 5 किलोमीटर के दायरे में यह दृश्य साफ दिखाई दे रहा था। स्थानीय नागरिकों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने इस अद्भुत दृश्य को देख जिला प्रशासन के इस अनूठे प्रयास की खुलकर सराहना की।
आयोजन के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को केवल सुलभ जलार्पण कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें एक अविस्मरणीय और अलौकिक आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना भी है। चौथी सोमवारी पर यह ड्रोन शो इसी संकल्प का हिस्सा था।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, हेडक्वार्टर डीएसपी सहित प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।