दुमका के नोनीहाट स्थित जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंअर के आवास क्वार्टर में 30 वर्षीय रसोइये सोनू राउत का शव फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस मामले की जांच और फॉरेंसिक टीम बुलाने में जुटी है।
दुमका। झारखंड के दुमका जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नोनीहाट स्थित जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंअर के आवास के समीप बने क्वार्टर में एक 30 वर्षीय युवक का शव पंखे के सहारे रस्सी से लटकता हुआ बरामद किया गया है।
मृतक की पहचान देवघर जिला के सारवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बमतलियांडीह निवासी सोनू राउत (पिता अनिल राउत) के रूप में हुई है। वह पिछले दो महीनों से जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंअर के आवास में खाना बनाने (रसोइये) का काम करता था।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। परिजनों ने आशंका जताई है कि सोनू की हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को फंदे से लटकाया गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर हंसडीहा, जामा, सरैयाहाट और रामगढ़ थानों की पुलिस टीम पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
जरमुंडी एसडीपीओ नवल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने देवघर के डहुआ पंचायत के मुखिया दिवाकर कुमार और परिजनों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए शव को नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उस क्वार्टर को पूरी तरह सील कर दिया है, जहां से शव बरामद हुआ था। मंगलवार को फॉरेंसिक (FSL) टीम से घटनास्थल की जांच कराने की तैयारी की जा रही है।
"पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला हत्या का है या आत्महत्या का, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह से साफ हो पाएगा। रिपोर्ट मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।"
— नवल किशोर सिंह, एसडीपीओ, जरमुंडी (दुमका)
खबर लिखे जाने तक इस मामले में परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन या प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822