पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में सुरक्षित पेयजल के लिए व्यापक अभियान। अब तक 540 जल भंडारण टैंकों की हुई सफाई। जियो-टैगिंग के जरिए हो रहा सत्यापन। पढ़ें पूरी खबर।

कंचन क्रांति न्यूज, कोलकाता।

पूर्व रेलवे द्वारा ट्रेन यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को सुरक्षित पेयजल तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्वच्छता के उच्च मानकों और शुद्ध पानी की आपूर्ति को पुख्ता करने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के अन्य मंडलों की तर्ज पर आसनसोल मंडल में भी सभी जल स्रोतों की सफाई, शुद्धीकरण और खाद्य स्वच्छता के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है।

 इस विशेष अभियान के तहत आसनसोल मंडल के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी ओवरहेड (OH), अंडरग्राउंड (UG) और पीवीसी (PVC) जल भंडारण टैंकों की विशेष सफाई का कार्य तेजी से प्रगति पर है। रेलवे प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस अभियान के अंतर्गत अब तक आसनसोल मंडल में 540 जल भंडारण टैंकों की सफलतापूर्वक सफाई की जा चुकी है।

सफाई कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके लिए किए जा रहे कार्यों का डिजिटल सत्यापन भी किया जा रहा है। सफाई के बाद सभी स्थलों के जियो-टैग्ड फोटोग्राफ (Geo-tagged Photographs) को दस्तावेजी साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा जा रहा है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

   पूर्व रेलवे प्रशासन द्वारा आगामी टैंक सफाई और रखरखाव के कार्यक्रमों की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आसनसोल मंडल यात्रियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पूर्व रेलवे का यह निरंतर प्रयास है कि यात्रियों और रेल कर्मचारियों को सफर के दौरान एक स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822