केकेएन स्टेडियम में अंगद क्रिकेट क्लब ने आरसीए क्रिकेट एकेडमी को 63 रन से हराया, वहीं जसीडीह के चटर्जी ग्राउंड पर मां मनसा क्लब ए ने सोनेट क्रिकेट क्लब को 38 रन से दी शिकस्त

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

देवघर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित देवघर जिला क्रिकेट लीग 2026-27 में शुक्रवार को दो मुकाबले खेले गए। केकेएन स्टेडियम में अंगद क्रिकेट क्लब ने आरसीए क्रिकेट एकेडमी को 63 रनों से पराजित किया, जबकि जसीडीह के चटर्जी ग्राउंड पर मां मनसा क्लब ए ने सोनेट क्रिकेट क्लब को 38 रनों से हराकर जीत दर्ज की। दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।

केकेएन स्टेडियम में अंगद क्रिकेट क्लब ने 63 रन से दर्ज की जीत

केकेएन स्टेडियम में अंगद क्रिकेट क्लब और आरसीए क्रिकेट एकेडमी के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर अंगद क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 235 रन बनाए। अंगद की ओर से विवेक ने 14 चौकों की मदद से 65 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक ने आठ चौकों के सहारे 43 रन बनाए।

आरसीए क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी करते हुए आशू मिश्रा ने सात ओवर में 46 रन देकर दो विकेट हासिल किए। कुणाल ने भी चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट चटकाए।

236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीए क्रिकेट एकेडमी की टीम 29 ओवर में सभी विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आशू मिश्रा ने छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 49 रन बनाए, लेकिन उनका प्रयास टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रहा।

अंगद क्रिकेट क्लब की ओर से आयुष कुमार ने छह ओवर में 26 रन देकर दो विकेट, अमन सराफ ने सात ओवर में 40 रन देकर दो विकेट, अनुभव सिन्हा ने पांच ओवर में 24 रन देकर दो विकेट और नीरज ने पांच ओवर में 35 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इस तरह अंगद क्रिकेट क्लब ने मुकाबला 63 रनों से अपने नाम कर लिया।

मैच में अंपायर की भूमिका शशांक शशि और मोहम्मद इमरान अंसारी ने निभाई, जबकि अभय वर्मा स्कोरर के रूप में मौजूद रहे।

मां मनसा क्लब ए ने सोनेट क्रिकेट क्लब को 38 रन से हराया

देवघर जिला क्रिकेट लीग का दूसरा मुकाबला जसीडीह स्थित चटर्जी ग्राउंड में सोनेट क्रिकेट क्लब और मां मनसा क्लब ए के बीच खेला गया। टॉस जीतकर मां मनसा क्लब ए ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 29.2 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 187 रन बनाए।

मां मनसा क्लब ए की ओर से प्रशांत राजभर ने चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 47 रन बनाए। विवेक कुमार ने 43 और राहुल प्रसाद ने 32 रनों का योगदान दिया।

सोनेट क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए रमेश, उदय सिंह और हर्ष मिश्रा ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। तीनों गेंदबाजों ने क्रमशः 24, 39 और 44 रन देकर तीन-तीन विकेट हासिल किए।

188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सोनेट क्रिकेट क्लब की टीम निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 149 रन ही बना सकी। टीम की ओर से हर्षित आनंद ने नौ चौकों की मदद से 45 रन बनाए। हर्षित मिश्रा ने 28 और राहुल ने 18 रनों का योगदान दिया।

मां मनसा क्लब ए की जीत में विवेक कुमार की गेंदबाजी निर्णायक रही। उन्होंने पांच ओवर में मात्र 14 रन देकर पांच विकेट झटके। उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर मां मनसा क्लब ए ने मुकाबला 38 रनों से जीत लिया।

इस मैच में अभिषेक आनंद और राजेश दुबे ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि तरुण कुमार राय स्कोरर के रूप में मौजूद रहे।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822