पूर्व रेलवे के डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 के तहत हेल्पलाइन केंद्रों से अब तक 2,576 पेंशनभोगियों ने जमा किया जीवन प्रमाणपत्र। 9 नवंबर को 279 पेंशनभोगियों को मिली सहायता।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
रेलवे पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे की ओर से विशेष पहल की गई है। देशव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 के तहत पूर्व रेलवे के मुख्यालय, चार मंडलों और तीन कारखानों में समर्पित हेल्पलाइन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 2,576 रेलवे पेंशनभोगी सफलतापूर्वक अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर चुके हैं।
महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पाण्डेय के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार यह अभियान 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसके तहत पूर्व रेलवे मुख्यालय के अलावा हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा मंडलों तथा कांचरापाड़ा, लिलुआ और जमालपुर स्थित कारखानों में हेल्पलाइन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया में आवश्यक तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
अभियान के पांचवें दिन, 9 नवंबर को हेल्पलाइन केंद्रों पर रेलवे कर्मचारियों की मदद से 279 पेंशनभोगियों ने सफलतापूर्वक अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा किया। इनमें आसनसोल मंडल का प्रदर्शन सबसे आगे रहा। यहां सर्वाधिक 145 पेंशनभोगियों ने प्रमाणपत्र जमा किए। वहीं हावड़ा मंडल में 72, सियालदह मंडल में 33, मालदा मंडल में 24 और पूर्व रेलवे मुख्यालय में पांच पेंशनभोगियों ने इस सुविधा का लाभ उठाया।
इस तरह अभियान शुरू होने से लेकर 9 नवंबर तक कुल 2,576 पेंशनभोगी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने में सफल रहे हैं।
30 नवंबर तक चलेगा अभियान
पूर्व रेलवे के हेल्पलाइन केंद्र निर्धारित समय के अनुसार प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक संचालित किए जा रहे हैं। पेंशनभोगी अपने नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर रेलवे कर्मचारियों से प्रत्यक्ष सहायता और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए आधिकारिक पोर्टल https://ipension.nic.in/dlcportal की सुविधा भी उपलब्ध है।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने बताया कि महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में रेलवे अपने पेंशनभोगियों को सुलभ और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। समर्पित हेल्पलाइन केंद्रों की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से उन पेंशनभोगियों को सुविधा देना है, जिन्हें डिजिटल प्रक्रिया पूरी करने में तकनीकी सहायता की आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि पूर्व रेलवे अपने पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
………………………………………………………………………………………..
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822

