13 से 16 नवंबर तक घाटों पर रहेगी विशेष निगरानी, खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों और मेडिकल टीमों की होगी तैनाती
कंचन क्रांति न्यूज, पटना।
छठ महापर्व-2026 के दौरान छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और संभावित आपदाओं की रोकथाम को लेकर बिहार सरकार ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। राज्य में 13 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले छठ महापर्व के मद्देनजर आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिला पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। नदियों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों के किनारे स्थित छठ घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रहने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार आपदा प्रबंधन विभाग ने इस संबंध में सभी जिला पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है। इसमें संभावित दुर्घटनाओं, विशेषकर डूबने की घटनाओं, भगदड़ और अन्य आपात स्थितियों की रोकथाम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा गया है। विभाग ने त्योहारों के दौरान डूबने से होने वाली मौतों की रोकथाम के लिए पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का भी कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।
खतरनाक घाटों पर होगी बैरिकेडिंग, सुरक्षा बलों की तैनाती
विभागीय निर्देश के अनुसार सभी जिलों में खतरनाक नदी घाटों और तालाबों की पहचान कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। ऐसे घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालु गहरे और जोखिमपूर्ण पानी में प्रवेश न कर सकें। सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों और स्वयंसेवकों की तैनाती भी सुनिश्चित करनी होगी।
मेडिकल टीम और एंबुलेंस रहेंगी तैनात
श्रद्धालुओं को आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रमुख छठ घाटों पर चिकित्सा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति के साथ जरूरत के अनुसार एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी। त्वरित चिकित्सा सहायता के लिए क्विक मेडिकल रिस्पॉन्स टीम (QMRT) की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।
गोताखोरों और मोटरबोट से होगी निगरानी
नदी घाटों पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों, तैराकों और मोटरबोट चालकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्हें लाइफ जैकेट, इन्फ्लैटेबल मोटरबोट और उपलब्धता के अनुसार देसी नावों के साथ तैनात रखने का निर्देश दिया गया है। गोताखोरों की आसानी से पहचान सुनिश्चित करने के लिए उन्हें विशेष पहचान वाली जैकेट भी उपलब्ध कराई जाएगी।
घाटों और संपर्क मार्गों पर रोशनी की व्यवस्था
छठ पूजा के दौरान सुबह और शाम के अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया है। जिन जिलों को इन्फ्लैटेबल इमरजेंसी लाइटिंग सिस्टम (IELS) उपलब्ध कराया गया है, वे जरूरत के अनुसार इसका इस्तेमाल करेंगे। साथ ही प्रकाश व्यवस्था और विद्युत उपकरणों की पहले से जांच करने का निर्देश दिया गया है, ताकि बिजली के करंट से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
कंट्रोल रूम से होगी लगातार निगरानी
छठ महापर्व के दौरान जिला नियंत्रण कक्षों का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी महत्वपूर्ण दूरभाष नंबर कंट्रोल रूम में उपलब्ध रहेंगे। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष और राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC), पटना को देनी होगी। इसके अलावा रिकॉर्डेड एडवाइजरी संदेशों को लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार प्रसारित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी मिलती रहे।
घाटों के आसपास पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर नियंत्रण
विभाग ने 13 से 16 नवंबर तक उन नदी घाटों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों के आसपास पटाखों की बिक्री और उनके इस्तेमाल पर प्रभावी प्रशासनिक नियंत्रण रखने का निर्देश दिया है, जहां छठ पूजा की अनुमति दी गई है। विभाग का मानना है कि पटाखों की तेज आवाज से श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका रहती है। इसलिए संबंधित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।
निजी नावों के परिचालन पर रहेगी रोक
छठ पर्व के दौरान नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य तक निजी नावों के परिचालन पर रोक लगाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इस प्रतिबंध का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए छठ घाटों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और चौकीदारों की तैनाती कर निगरानी की जाएगी।
छठ समितियों के साथ समन्वय और विशेष कार्ययोजना
आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को छठ पर्व से पहले संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना और कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने को कहा है। छठ पूजा समितियों के साथ भी बैठक कर उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपायों और आपदा प्रबंधन संबंधी जानकारी से प्रशिक्षित करने तथा प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और प्रशासनिक इकाइयों को आपसी समन्वय के साथ पहले से तैयारी पूरी करनी होगी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी
किसी भी आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC), पटना से संपर्क किया जा सकता है।
हेल्पलाइन नंबर: 0612-2294204 / 0612-2294205
आपातकालीन सहायता नंबर: 1070
………………………………………………………………………………………..
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822

