सुपौल के भीमनगर सीमा चेकपोस्ट पर एसएसबी ने जम्मू-कश्मीर के वांछित अभियुक्त मुजफ्फर अहमद बेग को गिरफ्तार किया। उसके साथ नेपाल से आ रही 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
- नेपाल से भारत आ रही 15 वर्षीय बालिका को कराया सुरक्षित रेस्क्यू
- बाल विवाह और मानव तस्करी की आशंका
कंचन क्रांति न्यूज, सुपौल।
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भीमनगर चेकपोस्ट में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक वांछित फरार अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके साथ नेपाल से भारत आ रही 15 वर्षीय नाबालिग नेपाली बालिका को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। प्रारंभिक जांच में मामला बाल विवाह और संभावित मानव तस्करी से जुड़ा होने की आशंका जताई गई है। एसएसबी की सतर्कता से सीमा पार कर रहे आरोपी की पहचान हो सकी और नाबालिग को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।
एसएसबी से मिली जानकारी के अनुसार, भीमनगर सीमा चौकी की चेकिंग टीम और क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया की मानव तस्करी रोधी इकाई की संयुक्त टीम नियमित जांच एवं डाटा एंट्री का कार्य कर रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश कर रहे एक व्यक्ति और उसके साथ मौजूद बालिका को जांच के लिए रोका गया। जांच के क्रम में व्यक्ति का चेहरा और पहचान संबंधी विवरण जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से प्रसारित वांछित अभियुक्त के रिकॉर्ड से मेल खा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चेकपोस्ट कमांडर सहायक उपनिरीक्षक केदार चौहान ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को रोक लिया। इसके बाद समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट राहुल कुमार और सर्वो प्रयास संस्था के सदस्य संजीव कुमार मेहता को इसकी सूचना दी गई। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान जम्मू-कश्मीर के बारामूला निवासी मुजफ्फर अहमद बेग (34 वर्ष) के रूप में हुई। जांच में पता चला कि वह श्रीनगर के बटमालू थाने में दर्ज प्राथमिकी संख्या 133/2026 का वांछित फरार अभियुक्त है।
27 अक्टूबर को नेपाल में विवाह करने का किया दावा
पूछताछ में मुजफ्फर अहमद बेग ने बताया कि उसने 27 अक्टूबर को नेपाल के सप्तरी जिले की रहने वाली 15 वर्षीय बालिका से विवाह किया था और उसे अपने साथ भारत लेकर आ रहा था। बालिका की उम्र नाबालिग पाए जाने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसबी ने महिला बलकर्मी की निगरानी में उसे सुरक्षित संरक्षण में ले लिया। प्रारंभिक जांच में बाल विवाह के साथ मानव तस्करी की आशंका को भी ध्यान में रखकर आवश्यक पूछताछ की गई।
आरोपी के पास आधार कार्ड, बालिका के पास मिला जन्म प्रमाणपत्र
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक आधार कार्ड और 10,500 नेपाली रुपये बरामद किए गए। वहीं, बालिका के पास से उसका नेपाली जन्म प्रमाणपत्र मिला। एसएसबी ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के बटमालू थाने से संपर्क कर आरोपी के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
इसके बाद गिरफ्तार आरोपी, सुरक्षित रेस्क्यू की गई नाबालिग बालिका और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भीमनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। सीमा पर एसएसबी की इस सतर्क कार्रवाई से एक वांछित अभियुक्त को पकड़ने के साथ ही नाबालिग बालिका को संभावित खतरे से सुरक्षित निकालने में सफलता मिली। मामले में आगे की जांच पुलिस द्वारा की जाएगी।
………………………………………………………………………………………..
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822

