बिहार के सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में वीबी-जी राम जी योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन बनेंगे। बच्चों को एक ही परिसर में पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधा मिलेगी।

  • वीबी-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण विकास और शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल
  • स्कूल परिसरों में सुरक्षित एवं स्थायी भवन बनाने का निर्देश

कंचन क्रांति न्यूज, पटना।

बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने नई पहल की है। इसके तहत अब सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के परिसर में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्थायी, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इस पहल को विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत धरातल पर उतारा जाएगा। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग और शिक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी विद्यालयों के साथ सह-अवस्थित (को-लोकेटेड) करना है, ताकि छोटे बच्चों को एक ही परिसर में पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधाएं मिल सकें। इससे आंगनबाड़ी में आने वाले बच्चों को औपचारिक स्कूली शिक्षा से जोड़ने की प्रक्रिया भी आसान होगी। यह व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की उस अवधारणा के अनुरूप है, जिसमें प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है।

स्कूल परिसरों में उपलब्ध जमीन का होगा उपयोग

निर्देश के अनुसार, जिन क्षेत्रों में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए अलग से सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं है, वहां सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालय परिसरों में उपलब्ध उपयुक्त भूमि का इस्तेमाल किया जाएगा। विशेष परिस्थितियों में सुरक्षा संबंधी जांच के बाद पहली मंजिल पर कमरे बनाकर भूतल के कमरे को आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में उपयोग करने का विकल्प भी रखा गया है।

सरकार का प्रयास है कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी नहीं हो और उपलब्ध सरकारी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना विकसित की जाए।

डीईओ और आईसीडीएस अधिकारियों को समन्वय की जिम्मेदारी

आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा कराने के लिए जिला स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), आईसीडीएस के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और संबंधित कार्यपालक अभियंताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।

इसके साथ ही निर्माण कार्य शुरू करने में किसी तरह की बाधा नहीं आए, इसके लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) समय पर जारी करने और प्रस्तावित भवनों के निर्माण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है। इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों-सह-जिला कार्यक्रम समन्वयकों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

एक ही परिसर में पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधा

सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे बच्चों को आंगनबाड़ी सेवाओं और विद्यालयी शिक्षा के बीच बेहतर तालमेल का लाभ मिलने की उम्मीद है। आंगनबाड़ी केंद्रों को स्कूल परिसरों में स्थापित करने से बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के साथ पोषण एवं देखभाल की सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी। साथ ही, आंगनबाड़ी से प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया भी अधिक सहज हो सकेगी।

ग्रामीण बच्चों के भविष्य को मजबूत करने की पहल : श्रवण कुमार

ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वीबी-जी राम जी योजना के तहत सरकारी विद्यालय परिसरों में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल उपलब्ध सरकारी संसाधनों का बेहतर और अधिकतम उपयोग संभव होगा, बल्कि ग्रामीण बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा एक ही स्थान पर मिल सकेगी। इससे आंगनबाड़ी से औपचारिक स्कूली शिक्षा में बच्चों का प्रवेश भी काफी सहज हो जाएगा।

मंत्री ने कहा कि सरकार समयबद्ध तरीके से इन भवनों का निर्माण पूरा कराकर ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office  - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822