स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत पूर्व रेलवे ने हावड़ा, सियालदह, आसनसोल, मालदा और प्रमुख कारखानों में कचरा-संवेदनशील स्थलों के रूपांतरण के लिए विशेष स्वच्छता अभियान तेज कर दिया है।
कोलकाता।‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत पूर्व रेलवे ने अपने चारों मंडलों—हावड़ा, सियालदह, आसनसोल एवं मालदा—तथा कांचरापाड़ा, लिलुआ और जमालपुर स्थित तीनों प्रमुख कारखानों में स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों और कचरा-संवेदनशील स्थलों के रूपांतरण के लिए एक व्यापक एवं समयबद्ध अभियान छेड़ दिया है।
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत उन क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जा रहा है, जहां निरंतर सफाई की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। इनमें स्टेशन पहुंच मार्ग, रेलवे यार्ड, कॉलोनियों की सीमाएं, ट्रैक के किनारे के इलाके और अन्य रेलवे परिसर प्रमुख रूप से शामिल हैं। अभियान के दौरान इन स्थानों से भारी मात्रा में जमा कचरा हटाया गया, सौंदर्यीकरण और सुधार कार्य किए गए तथा भविष्य में वहां दोबारा कचरा डंप न हो, इसके लिए पुख्ता निवारक उपाय किए गए हैं।
स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत की थीम पर आधारित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल औपचारिकता निभाना नहीं, बल्कि आम जनमानस की सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना और लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना है।
विभिन्न मंडलों में चलाए गए प्रमुख कार्य

सियालदह और हावड़ा मंडल: स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और एनजीओ की सक्रिय भागीदारी के साथ स्टेशन अप्रोच रोड, यार्ड और पटरियों के आसपास गहन सफाई अभियान चलाए गए। इससे साफ-सफाई को लेकर 'साझा जिम्मेदारी' का संदेश जन-जन तक पहुंचा।
मालदा मंडल: मंडल की लगभग 1,000 स्वच्छता इकाइयों पर विशेष सफाई अभियान चलाए गए। इसके साथ ही, साहिबगंज स्थित पूर्व रेलवे हाई स्कूल और केंद्रीय विद्यालय, मालदा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम हुए। इनमें विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण और इसके सही निस्तारण के बारे में प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान मालदा टाउन, न्यू फरक्का, भागलपुर, जमालपुर, गोड्डा सहित बुकिंग व पार्सल कार्यालयों को भी कवर किया गया।
आसनसोल मंडल: दुर्गापुर रेलवे स्टेशन, रेलवे कॉलोनी, बराकर, अंडाल, मधुपुर और सीतारामपुर के स्टेशन परिसरों और पहुंच मार्गों पर कचरे से संवेदनशील स्थलों की विशेष सफाई की गई।
प्रमुख कारखाने: कांचरापाड़ा, लिलुआ और जमालपुर के कारखानों में परिसरों को स्वच्छ रखने और कचरे के निरंतर रखरखाव पर विशेष बल दिया गया।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) श्री शिबराम माझि ने इस संबंध में बताया, हमारा उद्देश्य केवल एक बार संवेदनशील स्थानों की सफाई करना मात्र नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि वे दोबारा कचरा डंपिंग जोन में न बदलें। निरंतर रखरखाव और रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों तथा स्थानीय समुदायों की सक्रिय सहभागिता के माध्यम से हम रेलवे परिसरों को अधिक स्वच्छ, स्वस्थ और सुविधाजनक बना रहे हैं।
पूर्व रेलवे अपने संपूर्ण तंत्र में इस अभियान की भावना को स्थायी सुधारों में तब्दील करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि रेलवे स्टेशन, कॉलोनियां और कार्यस्थल सभी के लिए स्वच्छ और स्वागतयोग्य बने रहें।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822