देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र के हरलाजोरी गांव में पुलिस ने छापेमारी कर चोरी के मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया। मोबाइल फोन और चांदी जैसे आभूषण सहित कई सामान बरामद।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर कांड में कथित रूप से संलिप्त एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चांदी जैसे दिखने वाले आभूषण और एक मोबाइल फोन सहित कई सामान बरामद किए हैं। न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद बालक को बाल सुधार गृह, दुमका भेजा जा रहा है।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रिखिया थाना कांड संख्या 135/26, दिनांक 3 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए)/331(4) के तहत अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। मामले के अनुसंधान के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कांड के उद्भेदन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

इसी क्रम में 3 नवंबर को पुलिस टीम ने रिखिया थाना क्षेत्र के हरलाजोरी गांव में छापेमारी की। इस दौरान मामले में कथित रूप से संलिप्त एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया। पुलिस ने उसके पास से चोरी के मामले से संबंधित सामान भी बरामद किया।

मोबाइल और आभूषण सहित छह प्रकार के सामान बरामद

पुलिस द्वारा जारी बरामदगी सूची के अनुसार, छापेमारी के दौरान एक चेन (चांदी जैसी), रियलमी कंपनी का भूरे रंग का एक मोबाइल फोन, पांच पान के पत्ते के आकार के चांदी जैसे सामान, एक सिंदूर किया हुआ आभूषण, सांप की आकृति वाले तीन आभूषण तथा एक बिछिया (चांदी जैसी) बरामद की गई है।

छापेमारी टीम में शामिल थे ये पुलिसकर्मी

इस कार्रवाई में रिखिया थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मो. शकील अहमद तथा सहायक अवर निरीक्षक धीरेंद्र कुमार मिश्रा एवं रिखिया थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, निरुद्ध बालक को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद बाल सुधार गृह, दुमका भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई को रिखिया थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामले के अनुसंधान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822